अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया विकासखंड में डेढ़ दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ये घटनाएं ग्राम ढौन चौखुटिया निवासी महिला ने अपने पति और जेठ के साथ मिलकर अंजाम दी थीं। महिला और जेठ को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि पति फरार हो गया।
चौखुटिया के भूमिया मंदिर समिति के अध्यक्ष रामस्वरूप मासीवाल ने बीते दिनों पुलिस को मंदिर में घंटियां चोरी होने के संबंध में तहरीर दी थी। एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर चोरी के खुलासे के लिए दो टीम बनाई गईं। थानाध्यक्ष सतीश चंद्र कापड़ी की टीम ने सीसीटीवी खंगाले और तफ्तीश की। भावना पत्नी पूरन सिंह बोरा और उसके जेठ ग्राम ढौन चौखुटिया को स्वीटापुल से गिरफ्तार कर लिया जबकि पूरन सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पूछताछ के दौरान दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने भूमिया मंदिर समेत क्षेत्र के अलग-अलग डेढ़ दर्जन स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने उनके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।