चिलियानौला हैंडपंप से पानी भरते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पिछले एक हफ्ते से पेयजल संकट झेल रहे चिलियानौला के लोगों को मंगलवार से राहत मिलने की उम्मीद है। तिपौला ग्राम समूह पेयजल पंपिंग योजना के टैंकों की मरम्मत का कार्य पूरा हो गया है।
मंगलवार से नियमित रूप से पंपिंग होगी, इससे क्षेत्र में अब पानी की समस्या नहीं रहेगी। इन टैंकों से चिलियानौला के अलावा चौकुनी, मौना, किलकोट, एरोड़ सहित कई गांव जुड़े हैं।
चिलियानौला और आसपास के गांवों में पिछले एक हफ्ते से पानी का संकट है। गगास पेयजल पंपिंग योजना से तीसरे दिन लोगों को पानी मिल रहा था, वह भी पर्याप्त नहीं। लोग हैंडपंप और पारंपरिक स्रोतों पर निर्भर होकर रह गए। देर रात तक भी लोगों को हैंडपंपों से पानी भरते देखा गया।
आपूर्ति न होने से लोगों में भारी आक्रोश भी पनप रहा था। तिपौला ग्राम समूह योजना अब जल संस्थान को हैंडओवर होनी है। जल संस्थान भी योजना को ठोक बजाकर अपने पास रखना चाहता है। इसीलिए चिलियानौला में बने दोनों टैंकों की खामियों को दूर किया जा रहा है।
जल निगम के जेई पंकज कुमार ने बताया कि सोमवार को टैंकों के मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। पंपिंग कर दी गई है। जल संस्थान के जेई संदीप कुमार ने कहा कि पंपिंग हुई थी, लेकिन टैंकों की मरम्मत के चलते पानी गंदा आ रहा था, उसे नहीं बांटा गया, कल मंगलवार से नियमित पंपिंग होने के बाद आपूर्ति कर दी जाएगी।