अल्मोडा में अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करते यूकेडी प्रत्याशी भानु प्रकाश जोशी
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की तैयारियों के लिए उत्तराखंड क्रांति दल ने भी कमर कस ली है। अल्मोड़ा विस सीट से पार्टी प्रत्याशी भानु प्रकाश जोशी ने शुक्रवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। उनका कहना है कि विकास में प्रदेश के पिछड़ने का कारण और जनता से लिए जाने वाले टैक्स का हो रहा दुरुपयोग उनके चुनावी मुद्दे होंगे।
भानु के घोषणा पत्र के अनुसार यदि वह चुनाव जीतते हैं तो जिले की 22 से अधिक ग्रामसभाओं को पंपिग योजना से जोड़ेंगे। आवास की समस्या दूर करेंगे। शौचालयों से वंचित ग्रामसभाओं में शौचालय दिलाएंगे। राशन कार्ड बनवाएंगे। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को जल्द से जल्द शुरू करवाना, जिला अस्पताल, बेस अस्पताल और जिले के सभी कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों में जंग खा रही मशीनों के लिए तकनीशियों की तैनाती करवाने को प्राथमिकता देंगे। वह विशेष रूप से दो मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे जिसमें से पहला मुद्दा यह होगा कि प्रदेश क्यों लगातार विकास में पिछड़ रहा है और दूसरा मुद्दा प्रदेश में जनता से लिए जाने वाले टैक्स का उपयोग जनता और प्रदेश के विकास के लिए क्यों नहीं किया जाता। भानु प्रकाश जोशी उत्तराखंड में यूकेडी के पिछड़ने का कारण राष्ट्रीय दलों को मानते हैं। वार्ता में पंकज चमियाल, प्रमोद जोशी, गिरीश नाथ गोस्वामी और जेएल टम्टा भी शामिल रहे।
विधायक बना तो नहीं लूंगा विधायक का वेतन और पेंशन: जोशी
अल्मोड़ा। चुनावी घोषण पत्र जारी करने के साथ ही भानु प्रकाश जोशी ने यह भी एलान किया है कि यदि यूकेडी के टिकट पर अल्मोड़ा से जीते तो वह विधायक को मिलने वाला वेतन और पेंशन नहीं लेंगे। उन्होंने एक शपथ पत्र भी डीएम को सौंपा है। जिसमें लिखा है कि यदि इस राशि को लेने के लिए वह या उनके परिवार का कोई सदस्य दावा करता है तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।