रामगंगा पेयजल योजना के पंप को चेक करते कर्मचारी। संवाद
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट रामगंगा पेयजल योजना के तहत महतगांव में पंप में खराबी आने से एक बार फिर क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। कल शनिवार को पेयजल द्वाराहाट नगर और इससे लगे गांवों की पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे पूर्व दो अक्तूबर को भी पंप का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से कई दिनों से पेयजल संकट खड़ा हो गया था।
स्थानीय लोगों ने योजना को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। रामगंगा पेयजल योजना पुरानी योजना है। पुनर्गठन नहीं होने से आए दिन लाइनें और पंप जवाब दे जाते हैं। इसका खामियाजा सैकड़ों ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है। योजना में खराबी आने से नगर पंचायत सहित गंवाड, कोटिला, भुमकिया, उटौड़ आदि क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति ठप हो जाती है। उपभोक्ताओं ने बताया कि लोगों को कई दिनों तक पानी के बगैर रहना पड़ता है। अब ठंड शुरू हो गई है। पारंपरिक जल स्रोत भी अत्यधिक दूरी पर हैं। क्षेत्र में तेंदुए का आतंक भी है। ग्रामीणों ने कहा कि योजना का पुनर्गठन किया जाना जरूरी है। जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता एसएस रौतेला ने बताया कि पंप में खराबी आ गई है। शनिवार से द्वाराहाट सहित इससे लगे कई गांवों में आपूर्ति ठप रहेगी।