पालिका सभागार अल्मोड़ा में सर्वदलीय संघर्ष समिति की बैठक को संबोधित करते पालिकाध्यक्ष प्रकाश ज?
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। सर्वदलीय संघर्ष समिति की पालिका सभागार में हुई बैठक में जिला विकास प्राधिकरण को पूरी तरह समाप्त करने की मांग को लेकर पुन: धरना शुरू करने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक मंगलवार से गांधी पार्क में फिर से धरना दिया जाएगा। एलान किया कि जब तक डीडीए पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रखा जाएगा।
अध्यक्षता करते हुए समिति के संयोजक पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि प्रदेश ने तुगलकी फरमान जारी कर नवंबर 2017 में जनविरोधी डीडीए लागू कर दिया। जिसके बाद समिति प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर आंदोलनरत है।
पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण के लागू होने से जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि जनहित में जिला विकास प्राधिकरण पूरी तरह से समाप्त होना चाहिए। तय हुआ कि मगंलवार को धरने के बाद डीडीए समाप्त करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। बैठक में अर्बन बैंक के अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल, हेम तिवारी, डॉ. जेसी दुर्गापाल, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, दीपेश जोशी, राजीव कर्नाटक आदि थे।