पानी की समस्या को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट से मिलते गनियाद्योली क्षेत्र के लोग। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पानी का वितरण नियमानुसार नहीं होने से गनियाद्योली सहित आसपास के क्षेत्रवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जल संस्थान और प्रशासन से पूर्व में भी कई बार गुहार लगाई गई कि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति प्रतिदिन एक घंटा की जाए लेकिन व्यवस्था नहीं बन पा रही है। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है और आपूर्ति न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
ताड़ीखेत ब्लाक में गगास-ताड़ीखेत पेयजल पंपिंग योजना से आपूर्ति होती है, गनियाद्योली सहित तमाम क्षेत्रों में पानी की किल्लत चल रही है। बीडीसी सदस्य अमित पांडेय ने बताया कि नियमित आपूर्ति नहीं होने से भारी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि पानी की परेशानी के चलते लोग दूर दराज के स्रोतों पर निर्भर हैं। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि संस्थान कई कई दिनों तक पानी नहीं खोलता है। स्थानीय लोगों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर पानी की समस्या दूर कराने की मांग की है।