विभिन्न मांगों को लेकर जुलूस निकालते कार्मिक एकता मंच के कर्मचारी
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। पुरानी पेंशन बहाली व चिकित्सा प्रतिपूर्ति बहाल करने के लिए कार्मिक एकता मंच और शिक्षा समन्वय समिति के नेतृत्व में रैली निकाली गई। रैली गांधी पार्क से लाला बाजार होते हुए गांधी पार्क अल्मोड़ा में समाप्त हुई। रैली से पूर्व कर्मचारियों ने सीएम के नाम का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
इधर, वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल होनी चाहिए और चिकित्सा प्रतिपूर्ति को भी बहाल किया जाना चाहिए। सरकार वेतन से हर माह कटौती करती है लेकिन स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। काफी लंबे समय से उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। गोल्डन कार्ड की खामियों को लेकर उन्होंने समय-समय पर शासन से शिकायत की है, लेकिन आज तक उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं सुना गया। उन्होंने गोल्डन कार्ड पर प्रतिमाह जबरन कटौती बंद करने समेत कई मांगें रखी। कहा कि आज भी कार्मिक गोल्डन कार्ड की खामियों का खामियाजा भुगत रहे हैं। वह देयकों का भुगतान किस से करवाएं दर-दर भटक रहे हैं। साथ ही कार्मिकों एवं पेंशनरों से प्रतिमाह वेतन कटौती के अंशदान की व्यवस्था का पैमाना भी उचित नहीं है। ऐसे में गोल्डन कार्ड की कोई उपयोगिता नहीं रह गई है। इसे बंद कर दिया जाए। इस दौरान रमेश चंद्र पंत, धीरेंद्र कुमार पाठक, दिगम्बर फुलेरिया, पंकज कुमार, श्याम सिंह, हरीश गैरोला, गणेश पाठक, प्रहलाद सिंह रावत आदि थे।