रानीखेत उपराड़ी में क्रिकेट खिलाड़ियों को पुरस्कार देते बीडीसी त्रिभुवन फर्त्याल। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। उपराड़ी में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल सुपर ओवर तक खिंच गया। फाइनल में शिलंगी क्रिकेट क्लब और पाप्स एकादश की टीमें आमने सामने थी। शिलांगी ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 79 रन बनाए। जवाब में पाप्स इलेवन की टीम भी 79 रनों पर सिमट गई। सुपर ओवर में पाप्स इलेवन ने 20 रनों के अंतर से जीत दर्ज कर ली। मुख्य अतिथि बीडीसी सदस्य त्रिभुवन फर्त्याल ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार बांटे।
बजरंग दल समिति उपराड़ी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में शिलंगी इलेवन और पाप्स इलेवन की टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। मुख्य मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद फैसला सुपर ओवर में हुआ। जिसमें पाप्स एकादश विजयी रही। सुपर ओवर में पॉप्स एकादश के सलामी बलेबाजो ने एक ओवर में 22 रन बनाए जबकि शिंलगी के बल्लेबाज महज दो रन ही बना पाए। हेम बिष्ट तथा हेम गौड़ ने अंपायर की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट में लगभग 32 टीमों ने प्रतिभाग किया। वहां पर श्याम सिंह फर्त्याल, भारती बिष्ट, खजान बिष्ट, सूरज सती, केशव दत्त, अरविंद सती, अंबा दत्त, दिनेश जोशी, ओम प्रकाश आदि थे।