अल्मोड़ा के माल रोड में लगा अंडर ग्राउंड कूड़ादान।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। नगर में 15 स्थानों पर लगाए गए भूमिगत कूड़ेदान लंबे समय बाद भी चालू नहीं हो पाए हैं। नगर क्षेत्र में कूड़े के निपटारे का जिम्मा नगर पालिका परिषद के पास है। पालिका के प्रस्ताव के बाद शासन ने भूमिगत कूड़ेदान निर्माण और टिप्पर ट्रक एंड क्रेन के लिए करीब दो करोड़ रुपये मंजूर किए थे।
इसके बाद नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामीण निर्माण विभाग इलेक्ट्रिकल और मेकेनिकल डिवीजन देहरादून ने नगर के एडम्स गर्ल्स इंटर कालेज के निकट, एचएनबी स्टेडियम, राजकीय बालिका इंटर कालेज, धारानौला, एनटीडी पार्क, आफिसर्स कालोनी, भ्यारखोला, आवास विकास कालोनी मकेड़ी, पर्यटन कार्यालय कलक्ट्रेट मार्ग के समीप, जिला पुस्तकालय, आकाशवाणी के समीप, एलआरसाह रोड, आयकर कार्यालय के निकट और दुगालखोला में 15 भूमिगत कूड़ेदान लगाए हैं। कूड़ेदान स्थापित होने के लंबे समय बाद भी यह चालू नहीं हो पाए हैं। हालांकि नगर में पालिका ने कई स्थानों पर कूड़ेदान बनाए हैं लेकिन बंदर, लावारिस पशु इनको नुकसान पहुंचा कर कूड़ा बिखेर देते हैं। जिससे कूड़ेदानों के आसपास गंदगी रहती है। पर्यावरण मित्र सफाई करते हैं लेकिन बंदर फिर कूड़ा बिखेर देते हैं। जिससे लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
टिप्पर ट्रक एंड क्रेन के लिए टेंडर
अल्मोड़ा। भूमिगत कूड़ेदानों में डाले जाने वाले कूड़े को टिप्पर ट्रक एंड क्रेन से उठाया जाएगा। इस वाहन में कूड़े को कांपेक्ट करने की भी व्यवस्था होगी। टिप्पर ट्रक एंड क्रेन न होने से भूमिगत कूड़ेदान चालू नहीं हो पा रहे हैं। नगर पालिका के ईओ महेंद्र यादव ने बताया कि टिप्पर ट्रक एंड क्रेन मशीन के लिए टेंडर हो चुके हैं। मशीन आने के बाद भूमिगत कूड़ेदान सुचारु कर दिए जाएंगे। संवाद