गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बारिश नहीं होने और झुलसाने वाली गर्मी से फसलाें, सब्जियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगा है। जिन क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही गर्मी से लोग परेशान हैं। पिछले चार दिन से दोपहर में नगर में पारा 32 डिग्री तक पहुंच रहा है। घाटी वाले इलाकों में पारा 40 से 43 डिग्री तक पहुंच रहा है। उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं।
दोपहर 12 से 5 बजे तक बाजार में दुकानदारों के अलावा काफी कम ग्राहक दिखाई दे रहे हैं। धान, सोयाबीन, भट, मक्का, मडुवा, मादिरा, मास, गहत आदि की फसलें और ककड़ी, तुरई, करेला, कद्दू, लौकी की बेल, शिमला मिर्च, बैगन, बीन, टमाटर आदि के पौधों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बेल और बिलाड़ पट्टी के अनेक गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा है।
76 वर्षीय हेमंती देवी, 80 साल के गंगा प्रसाद ने बताया कि उन्होंने इतनी गर्मी पहले नहीं देखी। बारिश नहीं होने से फसलें सूखने की कगार पर हैं। उनका कहना है कि यदि समय से बारिश नहीं हुई तो फसलें बरबाद हो जाएंगी। संवाद