चौखुटिया मे रसोई गैस कार्यालय के बाहर उपभोक्ता नंबर के लिए लगी लोगों की भीड़
- फोटो : amar ujala
क्षेत्र में रसोई गैस गोदाम खुलने के बाद नए उपभोक्ता नंबर जारी करने का कार्य शुरू हो गया है। साथ ही स्थानीय स्तर पर गैस मिलनी भी शुरू हो गई है। अब तक रानीखेत गैस एजेंसी भी निर्भर लोगों ने गैस गोदाम और कार्यालय खुलने पर खुशी जताई है। लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार चौखुटिया क्षेत्र के लोगों का गैस गोदाम का सपना पूरा हो गया है।
स्थानीय कार्यालय के माध्यम से रसोई गैस मिलनी शुरू हो गई है। साथ ही नए उपभोक्ता नंबर भी जारी होने लगे हैं। गैस कार्यालय में पहले दिन से ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ने लगी है। मंगलवार को लोग कार्यालय खुलने से पहले आकर लाइन में खड़े हो गए थे। चौखुटिया में कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा संचालित इंडेन गैस सर्विस द्वारा अगनेरी के निकट गैस गोदाम आठ माह पूर्व ही बनकर तैयार हो गया था जबकि कार्यालय चौखुटिया बाजार की पुरानी गली में पिछले महीने से किराए पर ले लिया गया था।
इधर कार्यालय खुलने के बाद गैस मिलनी शुरू होने पर लोगों ने प्रसन्नता जताई है। गौरतलब है कि चौखुुटिया में अब तक केएमवीएन की रानीखेत गैस एजेंसी के माध्यम से गैस बांटी जाती थी। वहीं से ट्रकों में लाकर गैस का वितरण किया जाता था। उपभोक्ताओं की संख्या ज्यादा होने से लोगों को इसमें खासी परेशानी का सामना करना पड़ता था।