धौलछीना (अल्मोड़ा)। कांचुला गांव से लापता एक बुजुर्ग का शव बुधवार शाम ब्लॉक मुख्यालय धौलछीना से सटे कलोन गांव के गधेरे में मिला। वे मंगलवार सुबह से अपने घर से लापता था। फिलहाल पहाड़ी से गिरकर उनकी मौत की आशंका जताई जा रही है।
कांचुला गांव निवासी तेज सिंह (65) मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर का सामान लेने के लिए धौलछीना बाजार निकले थे। देर रात भी घर न लौटने पर परिजनों ने आसपास उनकी खोजबीन की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार को भी परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर तेज सिंह की खोजबीन की। इसी दौरान शाम करीब 4.00 बजे कलोन के गधेरे में उनका शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया कि पहाड़ी से गिरकर तेज सिंह की मौत हुई होगी। उनके दो पुत्र हैं जो दिल्ली में रोजगार करते हैं। घर पर उनकी दो बहुएं और चार नाती-पोते रहते हैं। क्षेत्रीय पटवारी महेश शर्मा ने बताया कि तेज सिंह की मौत के बारे में उनके परिजनों ने किसी तरह की सूचना नहीं दी। जानकारी जुटाने पर पता चला कि परिजनों के अनुसार तेज सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के उनका अंतिम संस्कार कर दिया।