अल्मोड़ा। मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल में डायलिसिस मशीन का आरओ खराब होने के कारण यहां पर इलाज के लिए आ रहे मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। तीन दिन से खराब पड़ी इस मशीन की वजह से दूरदराज से आने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में किडनी से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को एकमात्र बेस अस्पताल में भी डायलिसिस की सुविधा मिलती है। अब यहां पर मशीन खराब होने के कारण मरीजों को हल्द्वानी इलाज के लिए जाना पड़ रहा है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से कहा गया कि मशीन के आरओ को जल्द सुधरवाने के प्रयास चल रहे हैं। यह आरओ करीब 15 साल पुराना है, इसलिए इसके सही होना मुश्किल है।
नए आरओ के लिए डिमांड की गई है। मशीन खराब होने की वजह से यहां पर अभी मरीजों की डायलिसिस नहीं हो पा रही है। अब जो भी मरीज आएंगे उन्हें सुशीला तिवारी हल्द्वानी के लिए रेफर किया जाएगा। सप्ताह में यहां पर दो से तीन लोग डायलिसिस करवाने के लिए आते हैं।
डायलिसिस मशीन का आरओ खराब होने के कारण यह दिक्कत आई है। अभी मरीजों केे रेफर किया जा रहा है। आरओ पुराना होने के कारण ठीक होने की स्थिति में नहीं है। इसके लिए नए आरओ की मांग की गई है। सप्ताह भर के अंदर यह व्यवस्था सुचारु हो जाएगी।
- डॉ. सीपी भैसोड़ा, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा।