शहीद शौर्य चक्र भंडारी की पुण्यतिथि मनाते शहीद के परिजन। संवाद
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बग्वालीपोखर में भंडरगांव निवासी शौर्य चक्र विजेता शहीद चंदन सिंह भंडारी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। शहीद स्मारक में परिजनों सहित तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। छरड़ी के चलते इस बार पुण्यतिथि सामान्य रूप से मनाई गई।
शहीद की माता शांति देवी, बड़े भाई रमेश सिंह भंडारी, भाभी जानकी देवी, छोटे भाई कुंदन सिंह भंडारी, हेमा देवी, मनोहर सिंह भंडारी, मोहन सिंह, प्रकाश भंडारी, बग्वालीपोखर पूर्व सैनिक लीग के प्रचार सचिव ललित मोहन सिंह नेगी सहित बग्वालीपोखर क्षेत्रवासियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। शहीद चंदन सिंह भंडारी का जन्म 10 जनवरी 1976 को भंडरगांव में एक साधारण परिवार में हुआ था। बचपन से ही देश सेवा का जज्बा उन्हें सेना में खींच लाया और 17 अप्रैल 1996 को वह कुमाऊं रेजीमेंट में भर्ती हो गये। वे19 कुमाऊं रेजीमेंट में थे। जो उस वक्त जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में तैनात थी। उन्हें सर्च ऑपरेशन का जिम्मा दिया गया था। सर्च पार्टी का एक घर में आतंकवादियों से सामना हो गया इस दौरान उन्होंने कुछ आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया। उसी मुठभेड़ में उन्हें भी गोली लग गई। बावजूद वह मोर्चे पर डटे रहे और उन्होंने चार आतंकियों को पकड़ने में सहयोग किया। 19 मार्च 1997 को वे शहीद हो गए। उनके अदम्य साहस के लिए उन्हें शौर्य चक्र प्रदान किया गया।