गरुड़ के पाये गांव में क्षतिग्रस्त पाइप लाइन। संवाद
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ के काश्तकारों ने जिजोली-पाये पंपिंग योजना को दुरुस्त करने की मांग की है। काश्तकारों का कहना है कि धान की रोपाई का समय चल रहा है, ऐसे में सिंचाई के लिए पानी की कमी बनी हुई है। काश्तकारों ने एलान किया है कि पानी की आपूर्ति शीघ्र नहीं हुई तो वे आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।
एक साल पूर्व गरुड़ गोलू मंदिर से पाये गांव तक सड़क निर्माण के दौरान जिजोली-पाये पंपिंग योजना के पाइप जेसीबी मशीन से जगह-जगह पर क्षतिग्रस्त हो गए थे। सड़क निर्माण एजेंसी और लघु डाल विभाग ने आज तक इन क्षतिग्रस्त पाइपों को दुरुस्त नहीं किया। पाये गांव निवासी कैलाश जोशी, मोहनदा, चतुर सिंह, ललित नेगी गोपाल जोशी का कहना है कि लघुडाल विभाग और सड़क निर्माण एजेंसी से गांव के काश्तकारों ने कई बार पाइप लाइन दुरुस्त करने के संबंध में शिकायत की। लाइन दुरुस्त नहीं होने से गांव के काश्तकार धान की रोपाई शुरू नहीं कर पाए हैं। उन्होंने जल्द से जल्द पाइपों को दुरुस्त करवाकर आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है।