स्याल्दे में सभा को सम्बोधित करते स्वास्थ मंत्री धन सिंह रावत।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। स्वास्थ्य एवं सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्यालदे और सीएचसी देघाट का निरीक्षण किया। इस दौरान रावत ने डाक्टरों को हिदायत दी कि वह मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखेें बल्कि उन्हें अस्पताल से ही दवा उपलब्ध कराएं। स्यालदे ब्लॉक में उन्होंने अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक की एटीएम वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
निरीक्षण के दौरान रावत ने सीएमओ से अस्पताल में मौजूद आवश्यक उपकरणों, दवा और स्टाफ की जानकारी लेकर गांव-गांव में टीकाकरण अभियान चलाने को कहा। ब्लॉक सभागार में एक सभा को संबोधित करते हुए रावत ने केंद्र और राज्य सरकार की जन योजनाओं के बारे में लोगों को बताया। उन्होंने कहा कि नवंबर तक निशुल्क राशन का वितरण किया जाएगा। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि अगली कैबिनेट की बैठक में उनके हितों को लेकर चर्चा होनी है। देघाट और स्यालदे अस्पताल में स्टाफ की नियुक्ति भी जल्द करने का उन्होंने आश्वासन दिया। बैठक को विधायक महेश जीना, यूसीएफ अध्यक्ष मातवर सिंह रावत आदि ने भी संबोधित किया। संचालन यूसीएफ निदेशक हृदयेश मेहरा और भाजपा मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह ने किया। कार्यक्रम में जीएम अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक नरेश चंद्र, उपमहाप्रबंधक दान सिंह, आनंद आर्या, सीएमओ सविता ह्यांकी, एडिशनल सीएमओ शिप्रा जोशी, नायब तहसीलदार, दिवान गिरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेंद्र नेगी, सूरज मेहरा, प्रधान मनोज नेगी आदि मौजूद रहे।