वीपीकेएएस अल्मोड़ा के निदेशक डॉ. लक्ष्मीकांत
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (वीपीकेएएस) अल्मोड़ा के निदेशक डॉ. लक्ष्मीकांत को गेहूं और जौ अनुसंधान के लिए 2021 के प्रतिष्ठित डॉ. एमवी राव मेमोरियल अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार सोसायटी फॉर एडवांसमेंट ऑफ व्हीट एंड बारले रिसर्च, करनाल की ओर से दिया जाएगा। डॉ. लक्ष्मीकांत ने गेहूं और जौ की क्रमश: 12 और पांच उन्नत रोग प्रतिरोधी किस्मों को विकसित किया है।
डॉ. लक्ष्मीकांत का मुख्य शोध बसंतकालीन गेहूं के सुधार के लिए शीतकालीन गेहूं के वांछित लक्षणों पर अनुक्रमण, पारंपरिक और आणविक प्रजनन के माध्यम से सूखा सहिष्णुता के साथ ही अनुकूल प्रतिक्रिया देने वाले गेहूं के जीनप्ररूप विकसित करना है। उनके 76 से अधिक शोध पत्र विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। संस्थान के सभी कर्मचारियों ने डॉ. लक्ष्मीकांत का पुरस्कार के लिए चयन होने पर खुशी जताई है।