अल्मोड़ा। बागेश्वर से बरेली जा रही हुंडई कार करबला के निकट तेल के टैंकर से टकरा गई। कार में सवार चार लोगों में से दो को गहरी चोट लगी है, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को एंबुलेंस के जरिये बेस अस्पताल भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जर्नादन पांडे (80) पत्नी देवकी पांडे (76), पुत्र पवन पांडे (38) के साथ हुंडई कार यूपी 40-4837 में बागेश्वर से सुभाषनगर बरेली स्थित अपने घर को जा रहे थे। कार चालक सागर चला रहा था। करबला के पास हल्द्वानी की तरफ से आ रहे तेल के टैंकर से कार टकरा गई। जिससे कार में सवार जर्नादन पांडे और उनकी पत्नी देवकी पांडे को गंभीर चोट पहुंची।
घायलों को एंबुलेंस के जरिये बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. टीडी रखोलिया ने बताया कि घायलों की हालत खतरे से बाहर है।