अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में केबल नेटवर्क के प्रसारण को लेकर चल रहा विवाद अब तक थमा नहीं है जिससे नगर के अधिकतर मोहल्लों में टीवी का प्रसारण ठप है। इधर साईं केबल नेटवर्क के स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरी तरफ नगर में केबल नेटवर्क का प्रसारण करने वाले साईं केबल नेटवर्क के निदेशक रजनीश गौतम के साथ ही व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव गोस्वामी, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष दर्शन रावत आदि ने पत्रकारों से वार्ता करके बताया कि उपभोक्ताओं को परेशानी नहीं होनी दी जाएगी और एक हफ्ते के भीतर सभी साईं केबल से जुड़े तीन हजार से अधिक घरों में टीवी का प्रसारण सुचारू हो जाएगा।
साईं केबल नेटवर्क के स्वामी रजनीश गौतम द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने विजय चौधरी, अनूप साह, आशीष अग्रवाल, सुदर्शन साह, एकता साह और तनुजा चौधरी के खिलाफ धारा 420, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। रजनीश गौतम ने उक्त लोगों पर उनकी लाइनों पर कब्जा करके जबरन दूसरी कंपनी के सेटअप बॉक्स लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इनमें कुछ लोग पहले उनकी कंपनी में ही काम करते थे।
इधर बृहस्पतिवार को साईं केबल नेटवर्क के निदेशक रजनीश गौतम के अलावा व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव गोस्वामी, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष दर्शन रावत, हिमांशु साह और परितोष जोशी ने पत्रकार वार्ता में प्रकरण से अवगत कराते हुए कहा कि कुछ लोग जबरन साईं केबल नेटवर्क की लाइनों पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वे लोग साझेदारी के तहत काम करेंगे और एक हफ्ते के भीतर साईं केबल अपने 3100 उपभोक्ताओं के टेलीविजनों में डेन कंपनी के माध्यम से प्रसारण शुरू कर देगा। उन्होंने यह भी बताया कि डेन कंपनी का जिओ (जीआईओ) के साथ करार हो चुका है और भविष्य में इसका शुल्क भी कम हो जाने की उम्मीद है।