अल्मोड़ा। जंगल में बकरी चराने गई महिला के घर में घुसकर चोर ने सोने की माला, झुमके, साड़ी, आधार, एटीएम कार्ड समेत 12 हजार नकद रुपये चुरा लिये थे। लमगड़ा पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार पकड़ा गया चोर कुछ दिन पहले महिला के घर में पेंट का काम कर चुका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लमगड़ा निवासी विधवा महिला नारायणी देवी शनिवार नौ जून को सुबह बकरी चराने जंगल गई हुई थी। इसी दौरान मौका पाकर एक चोर उनके घर में घुसा और घर में रखे महिला के सोने के झुमके, माला समेत आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और नकद 12 हजार रुपये ले उड़ा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि छानबीन कर पुलिस टीम ने आरोपी याद राम मौर्य उर्फ मौर्या पेंटर पुत्र झमन लाल मौर्या निवासी अधकटा ब्रह्मनाथ निवासी बरेली को छड़ौजा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि वह भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया हुआ सामान समेत 48 हजार रुपये का माल बरामद किया। पुलिस टीम में गंगा सिंह, जगदीश सिंह, राकेश भट्ट, विजय कुमार शामिल रहे।