अल्मोड़ा। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल और इंटर बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य सोमवार से जिले के तीन मूल्यांकन केंद्रों में शुरू हो गया है। जीआईसी अल्मोड़ा में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए रामनगर बोर्ड कार्यालय से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने उप प्रधान परीक्षक, परीक्षकों और अंकेक्षकों को उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के तौरतरीके बताए।
जिले में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा, मिशन इंटर कॉलेज रानीखेत और जीआईसी भिकियासैंण मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। जीआईसी अल्मोड़ा में उप नियंत्रक, नियंत्रक, मास्टर ट्रेनर और पर्यवेक्षकों ने परीक्षक, उप प्रधान परीक्षक, अंकेक्षकों को मूल्यांकन से संबंधित जानकारी दी। मुख्य शिक्षाधिकारी सुभाष चंद्र भट्ट ने त्रुटि रहित मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। जीआईसी अल्मोड़ा में मूल्यांकन के लिए कुल 25 टेबल लगाई गई हैं। हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए नौ और इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 16 टेबल लगाई गई हैं। मूल्यांकन दो पालियों में किया जा रहा है। पहली पाली में सुबह 9.30 से एक बजे, दूसरी पाली एक से 5.30 बजे तक मूल्यांकन किया जा रहा है। हाईस्कूल के छह विषयों की 34 हजार 69 और इंटरमीडिएट के 12 विषयों की 38 हजार 383 उत्तर पुस्तिकाओं का मूंल्याकन किया जाएगा। हाईस्कूल के लिए 75 और इंटर के 88 परीक्षक नियुक्त हैं। मूल्यांकन 10 मई तक चलेगा। प्रशिक्षण के दौरान उप नियंत्रक एनसस बिष्ट, पर्यवेक्षक चंद्रकांत तिवारी, स्कूल के प्रधानाचार्य और मास्टर ट्रेनर राजेश बिष्ट, दीपक पांडे ने मूल्यांकन से संबंधित जानकारी दी।
मिशन इंटर कॉलेज में लगी है 91 परीक्षकों की ड्यूटी
रानीखेत (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के मूल्यांकन का कार्य मिशन इंटर कॉलेज में शुरू हो गया है। हाईस्कूल में 28395 तथा इंटर में 33871 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। उप नियंत्रक और प्रधानाचार्य सुनील जोशी ने बताया कि हाईस्कूल के लिए छह टेबल पर 62 परीक्षक तथा इंटरमीडिएट में कुल नौ टेबल पर 91 परीक्षक मूल्यांकन का कार्य करेंगे। बीईओ एसएस चौहान ने निरीक्षण किया तथा परीक्षकों को तमाम निर्देश जारी किए। वहां पर मास्टर ट्रेनर नितिन बर्ग, मनोज कुमार जोसेफ, सह उप-नियंत्रक हेमंत कुमार अग्रवाल, पर्यवेक्षक सुरेंद्र सिंह चिलवाल, डॉ. शिवराज सिंह, संजय दास आदि थे। संवाद
बागेश्वर में 70 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का होगा मूल्यांकन
बागेश्वर। परिषदीय परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो गया है। जिले के राइंका बागेश्वर में बने केंद्र में बोर्ड परीक्षा की कॉपियां जांची जाएंगी। मूल्यांकन के लिए हाईस्कूल में आठ और इंटरमीडिएट के लिए नौ टेबल लगाई गई हैं। 15 दिन तक चलने वाले मूल्यांकन में 170 परीक्षक 70 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे। सोमवार को मूल्यांकन से पूर्व सीईओ सभागार में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। सीईओ गजेंद्र सिंह सौन ने परीक्षकों से निष्पक्ष और त्रुटिरहित मूल्यांकन करने को कहा। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार तेवाड़ी ने बताया कि मूल्यांकन के दौरान 30 अंकेक्षक परीक्षकों की जांची गई कॉपियों की गणना और मिलान संबंधी कार्य करेंगे। 17 उप प्रधान परीक्षकों पर मूल्यांकन कार्य के नियंत्रण की जिम्मेदारी होगी। हाईस्कूल के परीक्षक को प्रतिदिन 40 और इंटरमीडिएट के परीक्षक को रोजाना 30 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करनी होगी। वहां पर मास्टर ट्रेनर राजीव निगम, दीप चंद्र पांडेय, पर्यवेक्षक बहादुर सिंह कुंवर, दीप चंद्र जोशी, महिपाल डसीला, जितेंद्र जोशी आदि थे।