अल्मोड़ा। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की ओर से खर्चों में कटौती और कर्मचारियों-अधिकारियों की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद एक नवंबर को अल्मोड़ा एसएसए का नैनीताल में विलय हो चुका है। यहां तैनात रहे महाप्रबंधक एके गुप्ता को हरिद्वार का जीएम बनाया गया है और बुधवार को वह कार्य मुक्त हो गए हैं। अब बीएसएनएल प्रबंधन की नीति के अनुसार अल्मोड़ा में डीजीएम स्तर के अधिकारी की तैनाती की जाएगी।
हरिद्वार रवाना होने से पहले निवर्तमान जीएम एके गुप्ता ने कहा कि अल्मोड़ा एसएसए का नैनीताल बिजनेस एरिया से विलय होने के बाद सेवाओं को बेहतर बनाने और विस्तारीकरण आदि के कार्य नैनीताल से ही संचालित होंगे। नैनीताल बिजनेस एरिया में उपलब्ध तकनीकी और अन्य विशेषज्ञता का लाभ अल्मोड़ा को भी मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि बीएसएनएल अल्मोड़ा में एफटीटीएच (फाइवर टू द होम) और रेडियो ब्रॉडबैंड की सेवा प्रारंभ हो चुकी है। अब तक अल्मोड़ा सहित चारों जिले में लगभग दो हजार एफटीटीएच और 400 रेडियो ब्रॉडबैंड सेवा उपलब्ध कराई जा चुकी है। एके गुप्ता ने बताया कि बीते नौ-दस महीनों में मोबाइल डाटा में लगभग सवा गुना वृद्धि हो चुकी है। 10 करोड़ रुपये से अधिक का बिजनेस करने वाले एसएसए क्षेत्र में डीजीएम स्तर के अधिकारी की तैनाती की नीति बनाई गई है। इससे आने वाले दिनों में अल्मोड़ा में डीजीएम की तैनाती होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल हल्द्वानी के डीजीएम को ही अल्मोड़ा का अतिरिक्त चार्ज दिए जाने की संभावना है। इस मौके पर एजीएम अनूप कुमार गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।