भिकियासैंण तहसील प्रांगण में धरने में भागीदारी करने पहुंचे वरिष्ठ पेंशनर इंद्र सिंह अधिकारी का
- फोटो : ALMORA
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड सरकार की स्वास्थ्य योजना (एसजीएचएस) में व्याप्त विसंगतियां दूर करने के लिए गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की रामगंगा जिला इकाई के बैनर तले पेंशनरों ने भिकियासैंण तहसील परिसर में सातवें दिन भी धरना दिया। मंगलवार को चौखुटिया ब्लॉक के पेंशनरों ने धरना दिया। धरने में भागीदारी करने पहुंचे सौ वर्षीय इंद्र सिंह अधिकारी का सदस्यों ने माल्यार्पण किया।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से लागू स्वास्थ्य बीमा योजना गोल्डन कार्ड में कई विसंगतियां व्याप्त हैं। इससे पेंशनरों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ओपीडी में कैशलेस सुविधा देने, देहरादून की तरह कुमाऊं मंडल के भी अच्छे अस्पतालों को इस योजना की सूची में सरकार को शामिल करने की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि योजना से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए सरकार एक अलग सेल भी गठित करे, ताकि पेंशनरों की समस्याओं का समाधान हो सके। संगठन के शाखा अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल ने कहा कि आंदोलन के सप्ताहभर बाद भी सरकार ने संज्ञान नहीं लिया है।
विधानसभा में पेंशनरों के मुद्दे उठाने के लिए केदारनाथ के विधायक मनोज रावत का आभार जताया गया। पांच सितंबर को शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने पर सहमति बनी। इसके लिए आंदोलनकारियों का जत्था सल्ट जाएगा। धरने पर पीसी उपाध्याय, केएन कबड़वाल, शोबन सिंह मावड़ी, गंगा दत्त जोशी, भुवन चंद गौड़, डॉ. विश्वंबर दत्त सती, पीतांबर दत्त पपनै, खीमानंद जोशी, चंद्र सिंह रौतेला, कैलाश चंद्र जोशी आदि थे।