अल्मोड़ा के चौघानपाटा में प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा को गैरसैंण कमिश्नरी में शामिल करने को लेकर आम आदमी पार्टी का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को नौवें दिन भी आप प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं चौघानपाटा में प्रदर्शन किया। आप ने जल्द से जल्द कमिश्नरी का फैसला वापस लेने की मांग की। आप के धरने को वृद्ध जागेश्वर जन संघर्ष समिति ने भी समर्थन दिया।
समिति के क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश भट्ट और युवा नेता गोपाल भट्ट के नेतृत्व में आप के धरने को समर्थन देते हुए तीसरी कमिश्नरी को औचित्यहीन करार दिया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार तीसरा मंडल घोषित कर जनता के साथ छलावा कर रही है, वहीं अल्मोड़ा को कुमाऊं से अलग कर गैरसैंण में शामिल करने के फैसला लेकर अल्मोड़ा की जनता के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। आप प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी ने कहा कि जब तक सरकार फैसला वापस नहीं लेती वह आंदोलन पर डटें रहेंगे।
सरकार को फैसला वापस लेना होगा। अमित ने कहा कि भाजपा मंत्रीमंडल में शामिल नेता आज गैरसैंण को कमिश्नरी के फैसले को गलत करार दे रहे हैं, जबकि फैसला लेते समय नेता चुप्पी सांधे हुए थे। आज जनता के बीच जाकर उन्हें बरगलाया जा रहा है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, एनएल साह, वैभव जोशी, जगमोहन फर्त्याल, अखिलेश टम्टा, रोहित सिंह, संगठन मंत्री मनोज गुप्ता, रजनी पंत, योगेंद्र अधिकारी आदि मौजूद रहे।