चौघानपाटा में कै. सतीश चंद्र जोशी पार्क में धरने पर बैठे वृद्ध जागेश्वर क्षेत्र के ग्रामीण।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। वृद्ध जागेश्वर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जागनाथ संघर्ष समिति वृद्ध जागेश्वर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने
40 किमी दूर चौघानपाटा के कै. सतीश चंद्र जोशी पार्क में धरना दिया। उन्होंने नारेबाजी करने के बाद तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मूलभूत समस्याओं का अभाव है। उन्होंने पनुवानौला-वृद्ध जागेश्वर मार्ग पर डामरीकरण करने, जौलबाज-थिकलना सड़क का चौड़ीकरण करने, जामड़ी कटुजिया-चरचालिखान सड़क का निर्माण करने की मांग की। बताया कि मंगलता-त्रिनैली मार्ग भी बदहाल बना हुआ है। बिजली व्यवस्था लचर है। ग्राम धौलनैली के तोक निसनैली में मग्गरूडोल पेयजल योजना क्षतिग्रस्त है और लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।
कोटा गांव, अनुसूचित जाति बस्ती डनखाली को सड़क से जोड़ने, बैंक शाखा या डाकघर खोलने की मांग उठाई गई। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। समिति के अध्यक्ष गोपाल भट्ट ने कहा कि एक माह के भीतर समस्याएं हल नहीं हुईं तो मतदान नहीं करेंगे। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता हरीश भट्ट, बोड़ा थाला गोपाल राम, धौलनेली के गोकुल वाणी, पूर्व प्रधान दीवान राम, पूर्व बीडीसी सदस्य महेंद्र राम, उप प्रधान बोड़ा केवल भट्ट, कटुजिया गांव के भुवन भट्ट आदि थे।