अल्मोड़ा। अल्मोड़ा डिपो की रोजाना कई बसों के स्थगित रहने से आय प्रभावित हो रही है। पिछले एक सप्ताह में डिपो को डेढ़ लाख रुपये का घाटा उठाना पड़ा। रविवार को एक और बस चारधाम यात्रा ड्यूटी पर रवाना हुई। वहीं, चार सेवाओं का संचालन स्थगित रहा।
अल्मोड़ा डिपो देहरादून, लखनऊ, गुरुग्राम, दिल्ली, चंडीगढ़, हरिद्वार समेत कई रूटों पर बसों का संचालन करता है। डिपो में चालक, परिचालकों की कमी बनी हुई है, जिसके चलते आए दिन सेवाएं स्थगित हो रही है। एक सप्ताह में कई सेवाओं का संचालन न होने से डिपो को करीब 1.50 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। सेवाओं का नियमित संचालन न होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि बसों का संचालन नियमित होना चाहिए। इधर, रोडवेज डिपो से लगातार चार धाम यात्रा पर बसें मंगाई जा रही है। रविवार को डिपो की बस संख्या (यूके-07-पीए-2965) चारधाम यात्रा ड्यूटी पर रवाना हुई। रोडवेज की कनिष्ठ स्टेशन प्रभारी गीता पांडे ने बताया कि डिपो में चालकों की कमी बनी हुई है, जिससे संचालन पर असर पड़ रहा है।
एक सप्ताह में नहीं चलीं सेवाएं
16 मई- अल्मोड़ा-टनकपुर, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, बरेली-बागेश्वर, अल्मोड़ा-देहरादून
17 मई- अल्मोड़ा-टनकपुर, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, बरेली-बागेश्वर, अल्मोड़ा-देहरादून
18 मई- अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, अल्मोड़ा-टनकपुर, बरेली-बागेश्वर
19 मई- अल्मोड़ा-टनकपुर, अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, अल्मोड़ा-देहरादून
20 मई-अल्मोड़ा-टनकपुर, अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, बरेली-बागेश्वर, धरमघर-दिल्ली, अल्मोड़ा-बागेश्वर, देहरादून
21 मई-अल्मोड़ा-टनकपुर, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, बरेली-बागेश्वर, अल्मोड़ा-देहरादून
22 मई- अल्मोड़ा-टनकपुर, लमगड़ा-दिल्ली, बेतालघाट-दिल्ली, बरेली-बागेश्वर,
केस 01- रवि बिष्ट अल्मोड़ा से रुद्रपुर जा रहे हैं। बताया कि स्टेशन में बसों का काफी इंतजार करना पड़ता है। कई बार बसें निर्धारित समय से देर में आती है। जिससे यात्रियों को दिक्कतें होती है।
केस 02- विमल मेहता अल्मोड़ा से बागेश्वर जा रहे हैं। बागेश्वर रूट पर बस का संचालन अनियमित हो रहा है। जिससे यात्रियों को दिक्कतें हो रही है। बस का संचालन रोजाना किया जाए।