2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किए जाने की योजना
इन बदलावों के लिए 131वें संविधान संशोधन के तहत राज्यों के बीच सीटों के आवंटन में 1971 की जनगणना को आधार बनाने का प्रस्ताव है, जबकि 132वें संविधान संशोधन के तहत निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण यानी परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किए जाने की योजना है।
एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा। महिला आरक्षण को 2026 की जनगणना से जोड़ने वाली व्यवस्था से अलग करने का प्रस्ताव भी सामने आया है।
आरक्षण की अवधि 15 साल निर्धारित
महिलाओं के लिए आरक्षण की अवधि 15 साल निर्धारित करने का प्रस्ताव है, जिसे तीन चुनावी कार्यकालों के बराबर माना गया है। आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में समय-समय पर बदलाव यानी सीटों के रोटेशन की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
मंजूरी मिलने के बाद नया परिसीमन आयोग गठित किया जाएगा
प्रस्तावों के अनुसार, संसद से मंजूरी मिलने के बाद नया परिसीमन आयोग गठित किया जाएगा, जो निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करेगा। नए निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले तैयार करने की योजना है।
बदलावों को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव
इसके अलावा, सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण से जुड़े बदलावों को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी शामिल है। इस पूरी प्रक्रिया के लिए दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्रशासित प्रदेश संशोधन विधेयक लाए जाने की बात कही गई है।