यूपी के मऊ स्थित हलधरपुर थाना के बड़ागांव चतरिया में सोमवार सुबह 10 बजे एक युवक की लाठियों और ईंटों से प्रहार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक परिवार के चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दो महिलाओं को गिरफ्तार कर किया है। प्रकरण को प्रेम संबंध से जोड़कर देखा जा रहा है।
बड़ागांव चतरिया गांव निवासी प्रद्युम्न चौहान (18) दूसरे शहर में काम करता था। तीन महीने पहले वह घर आया था। उसके पिता सुक्खन भी बाहर काम करते हैं। परिवार वालों के अनुसार, सोमवार सुबह लगभग दस बजे गांव के एक व्यक्ति के मोबाइल से फोन आया और उसने अपने घर पर बुलाया। प्रद्युम्न वहां गया तो लाठियों और ईंटों से वारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। बाद में लोगों ने एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डाक्टर ने प्रद्युम्न को मृत घोषित कर दिया।
प्रद्युम्न की मां सुनीता की तहरीर पर हलधरपुर थाने में गांव निवासी एक ही परिवार के रामानंद समेत चार लोगों ने विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष निहार नंदन कुमार का कहना है कि लाठियों से पीटकर आरोपियों ने युवक की हत्या कर दी। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।