प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मामला उत्तर प्रदेश के जौनपुर का है। जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के दुगौली खुर्द गांव में गुरुवार की रात धारदार हथियार से हमलाकर एक युवक की हत्या कर दी गई।
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एक युवती समेत चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
दुगौली खुर्द गांव निवासी लालजी सिंह का पुत्र विजय प्रताप सिंह राजन (35) घर से पांच सौ मीटर दूर पंपिंगसेट पर था। वह अपने पंपिंगसेट पर ही आटा चक्की चलाने का काम करता था।
पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक विजय प्रताप के भाई चंद्र प्रताप ने कहा है कि रात करीब साढ़े आठ बजे वह भाई के लिए खाना लेकर पंपिंगसेट पर गया तो वहां बल्ब जल रहा था। उसने देखा कि वहां एक लड़की खड़ी थी और पांच छह की संख्या में धारदार हथियार लिए लोग भाई को मार रहे थे।