वाराणसी के परेडकोठी स्थित एक होटल में ठहरे युवक ने बुधवार को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। मौके पर पहुंची सिगरा थाने की पुलिस ने अचेतावस्था में युवक को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कमरे से आठ पन्ने का सुसाइड नोट भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार कर्ज और घरेलू कलह से परेशान आकर विषाक्त पदार्थ का सेवन किया। वहीं चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मिर्जापुर महुवारिया में इमारती रोड स्थित मीर साहब की गली निवासी मुकेश जायसवाल (35) ने मंगलवार रात 11.30 बजे परेडकोठी स्थित एक होटल में कमरा लिया था।
होटल प्रबंधक के अनुसार दोपहर डेढ़ बजे मुकेश की तबीयत बिगड़ गई और चीख पुकार सुनकर दौड़े कर्मचारियों ने देखा कि कमरे के अंदर युवक छटपटा रहा था। कुछ ही देर बाद अचेत हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कमरे से सुसाइड बरामद किया। टेबल पर विषाक्त पदार्थ के पैकेट भी बरामद हुए। पुलिस के अनुसार युवक के घरवालों को जानकारी दे दी गई है।