कोरोना महामारी के दो साल के बाद अब मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्री अनारक्षित टिकट पर भी सफर कर सकेंगे। शर्त यह है कि वह टिकट ऑनलाइन ही अनुमन्य होंगे। एप के माध्यम से इसे बुक कराया जा सकेगा।
दो साल पूर्व लॉकडाउन के बाद संक्रमण के खतरों को भांपते हुए ट्रेनों में अनारक्षित टिकट सेवा बंद कर दी गई थी। स्थितियां सामान्य होते ही लगभग डेढ़ वर्ष के लंबे अंतराल पर यह सेवा कुछ ही ट्रेनों में बहाल हुई। हालांकि अब रेलवे प्रशासन ने अपने निर्णय पर पुनर्विचार किया है। अनारक्षित सेवा सभी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में भी बहाल कर दी गई है। कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक आनंद मोहन ने बताया कि किसी भी ट्रेन की अनारक्षित बोगियों में ऑनलाइन टिकट पर सफर करने की छूट दी जा रही है। इसके लिए अनरिजर्व टिकट एप पर जाकर कोई भी यात्री जनरल टिकट बुक करा सकता है।