चंदौली में जनसभा में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश का दावा
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के दिव्यांग जन सशक्तीकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को दावा किया कि बिहार की तर्ज पर जल्द यूपी में भी शराब पर पाबंदी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अति पिछडे़ और अति दलितों के हित की लड़ाई लड़ रही है। पिछड़ों और दलितों के विकास के लिए जो कुर्बानी देनी पड़ेगी, हम देंगे। कैबिनेट मंत्री चंदौली के सकलडीहा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सांसदों और विधायकों की पेंशन और वेतन बंद कर देना चाहिए। मैं जब से विधायक बना हूं, सरकारी पैसे का कोई लाभ नहीं लिया।
उन्होंने मतदान अनिवार्य करने और मतदाताओं को पांच हजार रुपये महीने पेंशन देने की मांग की। राजभर समाज को अलग से आरक्षण के मुद्दे पर बताया कि केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जल्द ही इसे कैबिनेट की बैठक में पास कर दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश की पुलिस से जितना काम लिया जाता है, उतना वेतन नहीं दिया जाता है। सरकार उनके बारे में भी सोच रही है। जो जितना काम करेगा, उतना उसको पैसा दिया जाएगा।