वाराणसी शहर की यातायात व्यवस्था पर रविवार को भीषण लगन का असर दिखा। शाम से रात तकरीबन 11 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर बारातियों के नाच-गाने और आतिशबाजी के कारण वाहन रेंगते से नजर आए। इस दौरान जाम में कई एंबुलेंस में मरीज भी फंसे रहे लेकिन उनकी मदद को कोई आगे आता नहीं दिखा।
बारातें जब गंतव्य तक पहुंच गई तो राहगीरों को सुकून मिला। इस दौरान कई प्रमुख चौराहों पर रविवार होने के कारण पुलिसकर्मी भी मौजूद नहीं दिखे। वहीं, जहां पुलिसकर्मी मौजूद थे वहां जाम छुड़ाने के लिए कुछ प्रयास नहीं करते देखे गए।
डीरेका और संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में क्रमश: सामूहिक विवाह और आरएसएस प्रमुख का कार्यक्रम आयोजित था। इसके चलते रविवार होने के बावजूद भी दिन में डीरेका के सामने मंडुवाडीह से भिखारीपुर तिराहा मार्ग, एफसीआई गेट के सामने की सड़क और अंधरापुल से जगतगंज मार्ग पर जाम की स्थिति रही।
वहीं, शाम होते ही लंका स्थित मालवीय चौराहा से रविदास गेट चौराहा, भिखारीपुर तिराहा, चितईपुर चौराहा, संकटमोचन मोड़ से दुर्गाकुंड, कमच्छा, अस्सी, शिवाला, सोनारपुरा, गोदौलिया से मैदागिन, नई सड़क, गुरुबाग, रथयात्रा, सिगरा, फातमान, मलदहिया, लहुराबीर से कबीरचौरा मार्ग, कैंट रेलवे स्टेशन से अंधरापुल चौराहा तक, नदेसर, अर्दली बाजार और पांडेयपुर चौराहा सहित कुछेक अन्य इलाकों में रुक-रुक कर देर रात तक जाम लगता रहा।