वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के मटुका ककरहवा गांव में शराब की दुकान खोले जाने की जानकारी मिलते ही बृहस्पतिवार को सैकड़ों महिलाओं ने विरोध मार्च निकालकर ग्राम प्रधान ओम प्रकाश वर्मा का घेराव किया। वहीं ग्रामीणों ने इसके विरोध में जिलाधिकारी को पत्रक भेजा।
ग्रामीणों का आरोप था कि शराब की दुकान गांव के बीच में खोली जा रही है। जहां पर प्राथमिक विद्यालय, चौरा माता का मंदिर व डीह बाबा का मंदिर है। शराब दुकान खुलने पर अपराधी प्रवृत्त के लोगों का जमावड़ा होगा। वहीं महिलाओं का कहना था कि शराब का ठेका गांव में नहीं खुलने देंगे। महिलाएं आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाथ में तख्तियां लेकर चल रहीं थीं।
इस मामले में आबकारी इंस्पेक्टर विष्णु प्रताप कहा कि अनुज्ञापी द्वारा बताया गया है कि बस्ती से बाहर दुकान खोली जा रही है। यदि ग्रामीणों की शिकायत लिखित रूप में मिलती है तो उचित स्थान पर दुकान खोलने का निर्देश दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सरोजा, संजू, अमरावती, जीरावती, निर्मला, पार्वती, आरती, सुषमा, रिंका ,साधना, ममता, सिरपत्ति, गुंजा, कलावती, उर्मिला, रीता, गुड्डी, उषा, राधा, शांति, मालती, किशुन, सरिता, निशा, मुन्नी, सीता, तारा देवी आदि रहीं।
सड़क की मरम्मत के लिए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बड़ागांव विकासखंड के धौकलगंज बाजार में बस स्टैंड से पटेल नगर चौराहा तक जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग को बनवाने के लिए विधायक तथा उच्चाधिकारियों के यहां कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
इस चौराहे से होकर लोग प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर तथा कोटेश्वर महादेव मंदिर दर्शन के लिए जाते हैं। हल्की बारिश होने पर चौराहा तालाब के रूप में तब्दील हो जाता है। इससे श्रद्धालु तथा ग्रामीण गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।