निगोह से सुरियावां जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर बने गड्ढों में आए दिन गिर कर लोग घायल हो रहे हैं। क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज भदराव के ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अविलंब सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे। उनका आरोप था कि जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण 2009 के बाद से सड़क की मरम्मत ही नहीं कराई गई।
ग्रामीणों का कहना था कि सड़क मरम्मत के लिए जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन कुछ नहीं हुआ। निगोह से भदरांव होते हुए कुशा व सुरियावां जाने वाली सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। 2009 में यह सड़क बनी थी, उसके बाद मरम्मत न होने से सड़क खस्ताहाल हो गई। उसके बाद से आज तक इसकी सड़क की सुध किसी ने नहीं ली। जन प्रतिनिधियों की अनदेखी से क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। रात के समय तो इस सड़क पर चलना दूभर हो जाता है। सड़क की गिटिट्यां उखड़ गई हैं। ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं संबंधी नारे लगाते हुए सरकार के प्रति नाराजगी जताई। भदराव गांव के लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों से भी कई बार सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया। प्रदर्शन में हंसराज, राजबहादुर, कमलेश, राजेश, संजय, रघुनाथ, छोटेलाल, जोखन, ओझा गौड़ आदि शामिल रहे।