संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पीजी में हिंदू अध्ययन पाठयक्रम संचालन की दिशा में कार्रवाई तेज हो गई है। विश्वविद्यालय की ओर से फिलहाल पाठ्यक्रम तैयार कर लिया गया है, विद्यापरिषद और कार्यपरिषद की मुहर लगनी बाकी है। इसके लिए 11 नवंबर को कुलपति की अध्यक्षता में विद्यापरिषद की बैठक भी बुलाई गई है। जिसमें निर्णय होने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई भी होगी।
11 नवंबर को होने वाली विद्यापरिषद की बैठक के लिए एजेंडा जारी हो गया है। कुलसचिव की ओर से जारी एजेंडे में पूर्व में 26 जुलाई को हुई बैठक में निर्णयों की पुष्टि, एलएलएम विधिशास्त्र स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठयक्रम, हिंदू विधिशास्त्र के परिप्रेक्ष्य में विचार किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर को कार्यपरिषद की बैठक भी होगी। जिसमें परिसर में निर्माण कार्य, पूर्व में वित्तसमिति, विद्यापरिषद, कार्यपरिषद की बैठक के निर्णयों की पुष्टि की जाएगी।