वाराणसी में मौसम ने करवट ली है। पिछले तीन- चार दिनों से बादल और धूप की आंखमिचोली के बीच शनिवार की भोर में हल्की बारिश हुई। जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिली।
वाराणसी में पिछले तीन चार दिनों से बादलों की आवाजाही जारी रहने और तेज हवा चलने के बाद शनिवार की सुबह बारिश से मौसम बदल गया। करीब 20 मिनट तक हुई बारिश के बाद से दिन में हवा की रफ्तार कम हो गई है और धूप का असर भी थोड़ा कम है।
विज्ञापन
मौसम में इसी बदलाव की वजह से तापमान में भी उतार चढ़ाव जारी है। शुक्रवार की सुबह अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। इधर मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक आंधी के साथ ही तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि वैसे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी है लेकिन लोकल हीटिंग की वजह से ही शनिवार की भोर में बारिश हुई है। अगले दो-तीन दिन तक आंधी, बारिश के आसार बने हैं।