छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव में खेली गई राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी की साई सेंटर यूपी कॉलेज की टीम उपविजेता बनकर लौटी है। बृहस्पतिवार को खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। बास्केटबॉल कोच प्रीति सिंह ने बताया कि वाराणसी साई सेंटर के खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल में नजदीकी मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा।
अखिल भारतीय अंतर साई सेंटर बास्केटबॉल प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ में 9 से 12 जुलाई तक खेली गई। इसमें वाराणसी के 10 खिलाड़ियों का बेहतर प्रदर्शन रहा। उपविजेता बनकर लौटी टीम आगामी अक्तूबर में होने वाली प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गई है। यह प्रतियोगिता कानपुर में खेली जाएगी। तेजस और राज सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम को फाइनल तक पहुंचाया। साई सेंटर के जितेंद्र कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।