सीएम एंग्लो बंगाली इंटरमीडिएट कॉलेज में रविवार को सीनियर पूर्वांचल जोन पांच नेटबाल प्रतियोगिता हुई। इसमें वाराणसी के पुरुष व महिला खिलाड़ियों ने मिर्जापुर और चंदौली की टीम को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। मुकाबले में वाराणसी की टीम ने मिर्जापुर को 26-18 से शिकस्त दी। वाराणसी की ओर से विकास भारद्वाज, रणविजय और मिर्जापुर की ओर से आशीष व शिवम ने गोल किए।
महिला वर्ग में वाराणसी की टीम ने चंदौली की टीम को एकतरफा मुकाबले में 28-8 से हराया। वाराणसी की ओर से अंजली और वर्तिका और चंदौली की टीम से सपना और सुषमा ने गोल किया। जिला नेटबॉल एसोसिएशन के सचिव रणविजय यादव ने बताया अगला मुकाबला 30 अक्तूबर से एक नवंबर तक गौतमबुद्ध नगर में होगा। मौके पर डा. निशांत सिंह, विवेक मिश्र, शालिनी सिंह, मयंक वर्मा, रविंद्र गांगुली आदि मौजूद रहे।