Varanasi Crime News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शनिवार को भक्ति धाम मनगढ़ में दर्शन के लिए पहुंचीं महिला श्रद्धालुओं के गले से चेन और पर्स उड़ाने वाली छह महिलाओं को पुलिस ने पकड़ लिया है। उनके पास से चोरी के जेवरात भी मिले हैं।
सोनभद्र जनपद के घोरावल थाना क्षेत्र के पीपरवार निवासी अनीता देवी शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भक्ति धाम मनगढ़ दर्शन करने आई थीं। मंदिर में भीड़ का फायदा उठाकर कुछ महिलाओं ने लोगों के गले से चेन समेत पर्स उड़ा दिया। अनीता की चेन भी चोरी हो गई। शिकायत पर पुलिस ने महिला श्रद्धालुओं की मदद से चोरी करने वाली छह महिलाओं को पकड़ लिया।
पकड़ी गई महिलाओं में सुल्तानपुर के लंभुआ थाना क्षेत्र के रामपुर की शांति देवी, पूनम देवी, प्रीति व नगर कोतवाली के चिलबिला की करीना, पूजा और वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के बड़ा लालूपुर निवासी सुनीता शामिल हैं। लिखापढ़ी के बाद सभी को जेल भेजा गया।
संचालक समेत छह आरोपी गिरफ्तार
एसओजी-2 की टीम ने थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास क्षेत्र के पीछे झाड़ी में जुआ खेलने के आरोप में रविवार शाम छापा मारकर संचालक समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 5731 रुपये नगद और पांच मोबाइल बरामद हुए। संचालक के मोबाइल में भाग्य लक्ष्मी एप मिला।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संचालक कैंट सदर निवासी हेमंत कुमार, कांशीराम आवास निवासी आफरोज व जवाहिर गौड़, नथुनी प्रसाद, नदेसर निवासी शैलेंद्र सोनी और गिलट बाजार निवासी मदन यादव है।
कैंट स्टेशन पर 8.64 लीटर अंग्रेजी शराब मिली
कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक से जीआरपी ने रविवार को एक यात्री को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 8.64 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कैंट इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि आरोपी पटना के आलमगंज गायघाट निवासी सनी कुमार है। वह वाराणसी से शराब की खेप लेकर पटना बेचने जा रहा था।
बीचबचाव करने पर युवक को पीटा, मुकदमा दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के मिराशाह के पास मनबढ़ों ने शनिवार रात युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित ने केस दर्ज कराया। फूलपुर निवासी संजय कुमार सोनी ने पुलिस को बताया कि वह पिकअप सेंटर पर सामान लेने गया था। सेंटर संचालक शटर बंद कर रहा था।
पिंडरा निवासी धीरज व सूरज राजभर बाइक से पहुंचे और सेंटर संचालक राजेंद्र वर्मा से माचिस मांगी, जिस पर राजेंद्र वर्मा ने असमर्थता जताई। जिस पर आरोपियों ने गालीगलौज कर उनकी पिटाई कर दी। बीचबचाव के लिए पहुंचा तो हमला कर दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह से मुलाकात की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
दवा लेने निकली 12 साल की बालिका लापता
जैतपुरा थाना क्षेत्र के हंसतल्ले से शनिवार रात 12 साल की बालिका लापता हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि ननिहाल से 16 अगस्त की रात 9.30 बजे वह आजाद पार्क में दुकान से दवा लेने गई थी, जिसके बाद घर नहीं लौटी। मां ने जैतपुरा थाने में केस दर्ज कराया। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
उधर, चौकाघाट क्षेत्र के ढेलवरिया (बड़ी मंदिर) निवासी दिलीप गुप्ता ने बेटे करण (13) के घर से लापता होने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। दिलीप ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा दोपहर में घर से निकला था, जिसके बाद से लापता है। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि उसकी तलाश की जा रही है।
ट्रेलर और अधिवक्ता की कार में टक्कर, बाल-बाल बचे
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव में नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह ट्रेलर और अधिवक्ता की कार में टक्कर हो गई। प्रयागराज से बाबतपुर एयरपोर्ट जाते समय प्रयागराज के धूमनगंज सुलेमसराय जयरामपुर निवासी कैलाश ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटी को बाबतपुर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। तभी ट्रेलर ने साइड से टक्कर मारी और कार डिवाइडर पर चढ़ गई।
हादसे में बेटी समेत बाल-बाल बच गए। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रेलर मलिक के पक्ष से एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर और कार सवार अधिवक्ता के बीच सुलह को लेकर वार्ता हुई है।
हेरोइन की बिक्री में एक गिरफ्तार
वाराणसी-गाजीपुर हाइवे पर धौरहरा मोड़ के पास से हेरोइन बिक्री में सलारपुर निवासी आरोपी किशन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 239 ग्राम हेरोइन मिली। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि बिनाथीपुर गांव निवासी रामाज्ञा चौबे के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी किशन ने बताया कि रामाज्ञा के साथ वह हेरोइन की पुड़िया बेचता है। रामाज्ञा की तलाश की जा रही है।
पेइंग गेस्ट हाउस में युवती की बिगड़ तबीयत, युवक हिरासत में
सारनाथ थाना क्षेत्र के फरीदपुर रिंग रोड के पास एक पेइंग गेस्ट हाउस में रविवार को एक युवती की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कमरे में ठहरे युवक ने युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। सारनाथ पुलिस ने छापा मारकर रजिस्टर कब्जे में लिया है।
एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि फरीदपुर रिंगरोड अंडरपास के पास पेइंग गेस्ट हाऊस ब्लू स्टार है। इसमें मिर्जापुर के एक युवक व युवती ठहरे थे। इस बीच युवती की अचानक तबीयत खराब हो गई। युवक ने उसे आशापुर के एक निजी अस्पताल ले गया। स्थिति खराब होने पर अस्पताल के कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक को हिरासत में ले लिया गया।
किशोरी को अगवा मामले में केस दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को अगवा करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कराया। पिता ने पुलिस को बताया कि 13 अगस्त को अजय भारद्वाज निवासी शिवरामपुर बेटी को बहला फुसलाकर ले गया। थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी की खोजबीन की जा रही है।
खेत का मेड़ काटने पर मारपीट, केस दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के रमदतहा गांव में शनिवार को खेत का मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पीड़ित प्रदुम गिरी की तहरीर पर कलपू, अंतिम निवासी रमदतहा के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है।
चोरी के एल्युमिनियम तार के साथ एक गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को रखौना रिंग रोड के पास से चोरी के एक कुंतल 90 किलो एल्युमिनियम तार के साथ हरपुर गांव निवासी बब्बल को गिरफ्तार किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि बब्बल के खिलाफ मिर्जामुराद के साथ ही बड़ागांव थाने में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है।
ऑटो चालक की पिटाई, दो पर केस दर्ज
सारनाथ के हिर्दयपुर पुलिया के पास बाइक सवार युवकों ने रविवार को एक ऑटो चालक की पिटाई कर दी। सारनाथ के बरईपुर निवासी विकास पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह सवारी छोड़ कर पुलिया के पास पहुंचा तभी पीछे से आए बाइक सवार बरईपुर के रवि गिरी ने दो दोस्तों के साथ रॉड से उस पर हमला कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया की पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद व दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बनारस रेलवे स्टेशन के बाहर मिला बुजुर्ग का शव
बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के बाहर शनिवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिला। सूचना पाकर मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची। बुजुर्ग की उम्र लगभग 60 साल है। लोगों ने पुलिस को बताया कि बुजुर्ग स्टेशन परिसर के आसपास रहता था और भीख मांगकर जीवन यापन करता था।
डंपर चालक की खुदकुशी मामले में परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव निवासी और डंपर चालक रवि मोदनवाल (50) की खुदकुशी मामले में भाइयों ने हत्या की आशंका जताई है। रवि का शव रविवार को अंबेडकरनगर के बंद तहसील के बिल्डिंग के पास बगीचे में एक पेड़ की डाल पर सफेद गमछे के सहारे लटका मिला था। अंबेडकरनगर कोतवाली पुलिस ने मिर्जामुराद पुलिस को घटना की सूचना दी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पांच साल से रवि अंबेडकर नगर में रहकर एक कंपनी का डंपर चला रहे थे। भाई राजेश मोदनवाल और रिंकू ने आशंका जताई कि उसके साथियों ने उसे मारकर फंदे पर लटकाकर खुदकुशी का रूप दे दिया है। पांच साल से रवि गांव नहीं आया था। बेटी, बेटों के साथ अंबेडकर नगर में रह रहा था।
नेशनल हाईवे पर दो बाइक की टक्कर में चार लोग घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के पास रविवार दोपहर दो बाइक की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के आर्यन सिंह, परी और मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के बजरडीहा गांव निवासी रितेश 20 वर्ष व एक अन्य घायल है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
मंदिर से दान पेटी चोरी
सारनाथ के बेनीपुर में दुख हरण हनुमान मंदिर से शनिवार रात दान पेटी चोरी हो गई। रविवार सुबह व्यवस्थापक मुन्ना भारद्वाज ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर केयरटेकर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए इंटरमीडिएट छात्र की डूबने से मौत
राजातालाब थाना क्षेत्र के मरुई गांव में रविवार सुबह तालाब में नहाने के दौरान इंटर के छात्र रितेश (20) की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। वह गांव के पांच दोस्तों के साथ नहाने गया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मरुई गांव निवासी विजय उर्फ गुड्डू का बेटा रितेश पांच दोस्तों के साथ सुबह गांव के तालाब में नहाने गया। इस बीच गहरे पानी में जाने से वह डूबने लगा।
साथियों के शोर मचाने पर लोगों ने जाल डालकर किसी तरह रितेश को बाहर निकाला। अचेतावस्था में उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां गुंजा देवी और पिता विजय उर्फ गुड्डू समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। विजय ने पुलिस को बताया कि रितेश इंटरमीडिएट का छात्र था। तीन बेटों में मझला था। थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
साइकिल रैली निकालकर दिया फिट रहने का संदेश
फिट इंडिया वीक के तहत रविवार सुबह भारतीय खेल प्राधिकारण (साई) सेंटर बीएचयू की ओर से जागरूकता संदेश साइकिल यात्रा निकाली गई। यूपी कॉलेज से निकली यात्रा में 100वीं बटालियन के एनसीसी कैडेट शामिल हुए। तीन किमी लंबी यात्रा यूपी कॉलेज के मुख्यद्वार से शुरू होकर पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी, वीडीए होते हुए वापस यूपी कॉलेज में समाप्त हुई।
रैली को 100वीं बटालियन एनसीसी के जेसीओ सूबेदार मेजर और यूपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश सिंह ने मुख्य द्वार से झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें करीब 70 खिलाड़ी और कैडेट शामिल हुए। साई सेंटर वाराणसी प्रभारी जेएस द्विवेदी ने बताया कि साइकिल रैली स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने के लिए निकाली गई।
साहेबगंज रवाना हुआ होमी भाभा मालवाहक
रामनगर मल्टी माॅडल टर्मिनल से डॉ. होमी भाभा मालवाहक जहाज रविवार सुबह 11 बजे झारखंड के साहेबगंज रवाना हो गया। 300 टन वाॅल पुट्टी लदे मालवाहक को पोत परिवहन मंत्रालय के सचिव टीके राम चंद्रन, वाराणसी के मंडलायुक्त एसराज लिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और चंदौली के जिलाधिकारी चंद्रमोहन गंर्ग ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
जलमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि जलमार्ग यातायात प्रकृति के अदुकूल होने के साथ सस्ता भी है। सड़क मार्ग से बनारस से साहेबगंज की दूरी 573 किलोमीटर है जबकि जलमार्ग के जरिये बनारस से साहेबगंज की दूरी 400 किलोमीटर है।
बीएचयू के पूर्व रेक्टर प्रो. वीके शुक्ला ने मां का कराया नेत्रदान
बीएचयू के पूर्व रेक्टर प्रो. वीके शुक्ला की माता रामरती शुक्ला का निधन शनिवार सुबह हो गया। मां के निधन के बाद प्रो. शुक्ला ने उनके नेत्रदान की इच्छा जताई। इसके बाद आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान की टीम ने कौशलेश नगर स्थित आवास पर जाकर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई।
नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि प्रो. शुक्ला की पत्नी जिला महिला अस्पताल की पूर्व एसआईसी डॉ. कृष्ण प्रिया शुक्ला की मौजूदगी में बीएचयू नेत्र बैंक के डॉ. यशवंत रेड्डी, डॉ. विशाल सरकार ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करवाई। इस दौरान परिवार को नेत्रदान परिवार सम्मान पत्र भी दिया गया। प्रो. मौर्य ने इस नेक कार्य के लिए पूर्व रेक्टर और उनके परिजनों का आभार जताया।
अलम, दुलदुल और ताबूत का उठा जुलूस, हुई मजलिसें
चेहल्लुम के उपलक्ष्य में जुलूस व जियारत का सिलसिला रविवार को भी चला। अलम, दुलदुल और ताबूत का जुलूस उठाया गया। अंजुमनों ने नौहा व मातम पेश किया। शिवाला स्थित स्व. फिदा हुसैन उर्फ काले के आजाखाने से जुलूस उठा। अंजुमन गुलजार ए अब्बासिया, अंजुमन कासिमिया, अंजुमन निशाने अली ने नौहा मातम पेश किया। जुलूस अपने कदीमी रास्तों से होकर शिवाला घाट पहुंचकर दी रात समाप्त हुआ। दालमंडी, दरगाहे फातमान, मदनपुरा, चौहट्टा लाल ख्वान, आदि इलाकों में मजलिसें हुईं। अजादारों ने शहीदाने कर्बला को खिराजे अकीदत पेश किया।
काशी विश्वनाथ धाम में 203 ने किया रक्तदान
काशी रक्तदान नेत्रदान कुटुंब की ओर से काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित रक्तदान शिविर में जरूरतमंदों की मदद करने के उद्देश्य से 273 लोग रक्तदान करने पहुंचे। इस दौरान स्वास्थ्य परीक्षण के बाद 203 लोगों ने रक्तदान किया जबकि 55 लोग रक्तदान करने के स्वास्थ्य मानक पर खरे नहीं उतर सके।
भारत विकास परिषद काशी प्रांत, द स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन और रोटरी क्लब रीजन के लोगों ने भी इसमें बढ़चढ़कर भागीदारी की। मुख्य अतिथि काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य कार्यपालक विश्वभूषण मिश्रा, विशिष्ट अतिथि एसडीएम शंभू शरण, अपर आयुक्त उद्योग उमेश सिंह ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
12 साल के शौर्य का क्रिकेट हॉस्टल में चयन
रोहनिया के अमरा खैरा (चितईपुर) निवासी 12 साल के शौर्य सिंह का चयन चंडीगढ़ क्रिकेट छात्रावास में हुआ है। अपने शानदार ऑलराउंड खेल से उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और यह उपलब्धि हासिल की। शौर्य दो साल से रोज तीन से चार घंटे बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर अभ्यास करते हैं। कोच अरुण कुमार ने बताया कि शौर्य ने नियमित अभ्यास से यह सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. वैभव राय ने शौर्य की बल्लेबाजी और फील्डिंग की कमियों को सुधारने में मदद की। शौर्य ने इसका श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को दिया।
प्रादेशिक कुराश में जिले के 8 खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रादेशिक सब जूनियर कुराश प्रतियोगिता 16 और 17 अगस्त को सहारनपुर में खेली गई। इसमें वाराणसी के आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें से पांच खिलाड़ियों ने स्वर्ण, एक ने रजत और दो ने कांस्य पदक जीता। कोच अजीत पाल ने बताया कि बालिका वर्ग के 44 किलो में दीक्षा पाल, 55 किलो में राजनंदनी राय, बालक वर्ग के 45 किलो में किशन राय, 50 किलो में आयुष अनमोल, 60 किलो में शुभम वर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। 30 किलो भारवर्ग में कौशल राय ने रजत जबकि गौतम राय और आदर्श यादव ने कांस्य पदक जीता।
राष्ट्रीय निशानेबाजी में सुमेधा ने जीता स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय पैरा निशानेबाजी ओपन चैंपियनशिप महाराष्ट्र के पुणे में खेली जा रही है। इसमें जिले की सुमेधा पाठक ने 10 मीटर पिस्टल की स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। इस जीत के साथ सुमेधा के पदकों की संख्या 18 हो गई है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह प्रदेश की पहली पैरा महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
सुमेधा पाठक ने इस जीत का श्रेय बाबा काशी विश्वनाथ और माता-पिता और कोच को दिया है। सुमेधा वर्ल्ड पैरा निशानेबाजी की 10 मीटर पिस्टल की टीम स्पर्धा में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुकी हैं। 2013 में मल्टी ड्रग ट्यूबरक्लॉसिस बीमारी की चपेट में आने के बाद शरीर के निचले हिस्से ने काम करना बंद कर दिया। उन्होंने 11वीं कक्षा से निशानेबाजी के 10 मीटर पिस्टल वर्ग में अभ्यास शुरू किया।
नंदोत्सव पर मणि मंदिर में बंटा ठाकुर जी का खजाना
मणि मंदिर (धर्मसंघ) में चल रहे तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तीसरे दिन रविवार को नंदोत्सव की धूम रही। धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी महाराज ने गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर भक्तों को नंदोत्सव की बधाई दी। इसके उपरांत स्वामी शंकरदेव ने भक्तों में बधाई स्वरूप खिलौने, टॉफी, बिस्किट, चॉकलेट, फल, मिठाई आदि का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने भक्तों में माखन मिश्री और ठाकुर जी के खजाने का भी वितरण किया, जिसे पाकर भक्त स्वयं को धन्य करते रहे।
रविवार को नंदोत्सव में काशी के कलाकारों द्वारा बधाई एवं सोहर गीत के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियां हुई। मणि म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने राधेकृष्ण की सजीव झांकी से सबका मन मोह लिया। वहीं गायक शुभम श्रीतिक त्रिपाठी ने सोहर गीतों से नंदोत्सव के आनंद को दोगुना कर दिया। उन्होंने गणेश वंदना के बाद बधैया बाजे काशी नगरिया..., काशी में सोहर गवाई..., जनम लेहलन कन्हइया..., झुलावे रानी यशोदा आवत ललनवा... से सबको भावविभोर कर दिया। उनके साथ गिटार पर यश माहेश्वरी, तबले पर हिमांशु, सह गायन पर केशव एवं कीबोर्ड पर रामेश्वर संगत पर रहे।
जन्माष्टमी पर निकली भव्य शोभायात्रा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दारानगर स्थित श्री महामृत्युंजय व्यायामशाला अखाड़े (वृद्धकाल अखाड़ा परिसर) से रविवार को भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बजरंगबली और नागेश्वर महादेव की आरती के बाद आरंभ शोभायात्रा डमरू दल, नगाड़ों और शिव पताका के साथ निकली। महामृत्युंजय मंदिर से निकलकर शोभायात्रा विशेश्वरगंज भैरवनाथ चौराहा, सब्जी मंडी, मच्छोदरी चौराहा, मुकीमगंज होते हुए प्रह्लाद घाट पंचमुखी महादेव मंदिर पहुंची।
खिड़कियां घाट होते हुए राजघाट स्थित श्री गोवर्धन धाम में श्रीकृष्ण का भव्य जन्मोत्सव मनाया गया। श्रद्धालु जय कन्हैया लाल की... और हर हर महादेव...का उद्घोष करते रहे। शोभायात्रा में पार्षद मनोज यादव, बच्चे लाल यादव, मुकुंद यादव, मदन यादव, एडवोकेट अभय नाथ यादव, सिंटू, बाबू यादव मौजूद रहे।
वैष्णव संत समाज ने मनाई जन्माष्टमी
वैष्णव विरक्त संत समाज ने रविवार को रोहिणी नक्षत्र में प्रभु श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। भदैनी स्थित प्राचीन शिव हनुमान मंदिर में देर रात प्रभु का प्राकट्य कराया गया। महंत डॉ. श्रवणदास महाराज ने मध्यरात्रि ठाकुर जी के विग्रह को पंचामृत स्नान कराया। उसके बाद नवीन वस्त्र, आभूषण आदि से सुसज्जित कर भव्य शृंगार किया। इस अवसर पर दिनभर मंदिर में अखंड प्रभु नाम संकीर्तन चलता रहा। रात्रि प्रहर में कलाकारों द्वारा बधाई एवं सोहर गीतों से मंदिर प्रांगण गूंजता रहा। इस मौके पर बड़ी संख्या में वैष्णव संत, बटुक एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
नंदोत्सव में झूमे भक्त, श्रील प्रभुपाद का प्राकट्योत्सव मनाया
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर इस्कॉन मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का समापन रविवार को हुआ। दुर्गाकुंड रोड स्थित इस्कॉन मंदिर प्रांगण में नंदोत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद का प्राकट्य दिवस मनाया गया। प्रभुपाद कथामृत, यशोगान, महाअभिषेक और महाभोग सहित भजन, कीर्तन और नृत्य हुआ।
मंदिर प्रबंधन के अध्यक्ष अच्युत मोहन दास ने कहा कि श्रील प्रभुपाद ने अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) की स्थापना कर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति एवं उनके दर्शन को पूरी दुनिया में फैलाया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्म की खुशी में कीर्तन, भजन और नृत्य कर श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया। मौके पर भंडारे का आयोजन हुआ। इस दौरान साक्षी मुरारी दास, रसिक गोविंद दास, रामकेशव दास, मुरारी गुप्त दास, धवल कृष्ण दास मौजूद रहे।
सांविधानिक अधिकारों और लैंगिक समानता पर चर्चा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विधि विभाग में आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने सांविधानिक अधिकारों और लैंगिक समानता पर चर्चा की। ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के समाज कार्य विभाग के प्रो. अजय कुमार त्रिवेदी ने कहा कि देश को आजादी मिले 79 साल हो गए हैं। अभी भी नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर संकट बना हुआ है। इस पर चिंतन करना आवश्यक है।
संगोष्ठी में प्रो. अजय कुमार त्रिवेदी ने लैंगिक समानता की चुनौतियों पर बात की। वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा के डॉ. आशीष कुमार सोनकर ने कहा कि आज भी समाज में लैंगिग असमानता है। काशी विद्यापीठ समाज कार्य विभाग के प्रो. संजय ने भी विचार रखे। स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार, डाॅ. शिल्पी गुप्ता, संचालन डाॅ. मेराज हाशमी और धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. हंसराज ने किया।
3130 मीट्रिक टन ज्यादा हुआ यूरिया का प्रयोग
खरीफ सत्र में पिछले साल की तुलना में इस साल अब तक जिले में 3130 मीट्रिक टन ज्यादा यूरिया का प्रयोग किया जा चुका है। किसानों की मांग पर लगातार खाद की आपूर्ति की जा रही है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि जिले में इस खरीफ सीजन में यूरिया की खपत में वृद्धि दर्ज हुई है।
14 अगस्त तक जिले में 14,560 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष 2024 में इसी अवधि तक यह आंकड़ा 11,430 मीट्रिक टन था। यह 3,130 मीट्रिक टन (लगभग 69,548 बोरी) की सीधी वृद्धि है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि वृद्धि का कारण समय पर मानसून और अच्छी बारिश है।
बाढ़ का पानी उतरा, फिसलन से परेशानी
बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी गंगा घाटों के किनारे गाद, मिट्टी के साथ फिसलन होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। अस्सी घाट के अलावा, शिवाला, तुलसीघाट, दशाश्वमेध, हरिश्चंद्र, नमो आदि घाटों पर लोग बेहद संभलकर चल रहे हैं। जानकारों ने बताया कि अभी बाढ़ के पानी का घटाव-बढ़ाव सितंबर तक जारी रहेगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पानी कम होने के बाद सफाई कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
नगर निगम की टीम ने शीतला घाट, नगवां, कोनिया, सरैया, ढेलवरिया आदि क्षेत्रों में युद्धस्तर पर सफाई कराई। स्वास्थ्य निरीक्षक लगातार सफाई कार्य की निगरानी कर रहे हैं। बाढ़ का पानी कम होने के बाद सड़कों से सिल्ट की सफाई करवाई गई। मर्णिकर्णिका घाट की गली में पानी कम होने के बाद सफाई हुई। नगर निगम की ओर से इन क्षेत्रों में सोडियम हाइपो क्लोराइड, एंटीलार्वा, चूने इत्यादि का छिड़काव व मच्छरों से बचाव के लिए एंटीलार्वा कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है।
निजीकरण के दस्तावेजों को निरस्त करने का मुद्दा उठाया
बिजली निगम के निजीकरण के प्रस्ताव पर कर्मचारियों का विरोध जारी है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विद्युत नियामक आयोग से पावर कॉर्पाेरेशन की ओर से भेजे गए निजीकरण के दस्तावेज को निरस्त करने की मांग की गई है।
संघर्ष समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने कहा कि निजी घरानों की मिली भगत से तैयार किए गए आरएफपी डॉक्यूमेंट को निरस्त नहीं किया गया तो बिजली कर्मियों को नियामक आयोग के कार्यालय पर मौन प्रदर्शन करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति ने विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष अरविंद कुमार को याद दिलाया है कि पांच अक्तूबर 2020 को जब वह उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष थे तब उन्होंने संघर्ष समिति के साथ एक लिखित समझौते पर हस्ताक्षर किया था। इसमें बिजली कर्मियों को विश्वास में लिए बिना उत्तर प्रदेश में किसी भी क्षेत्र में बिजली का निजीकरण नहीं किए जाने की बात लिखी है। इसके बाद निजीकरण के दस्तावेज को मंजूरी देना इस समझौते का उल्लंघन होगा।
भाविप ने मलिन बस्ती में महिलाओं की एनीमिया जांच
भारत विकास परिषद के नीलकण्ठ शाखा ने सेवा एवं संस्कृति सप्ताह के तहत महान क्रान्तिकारी मदनलाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर एनीमिया मुक्त काशी अभियान शुरू किया। सारंग तालाब, मौजा खास क्षेत्र के मलिन बस्ती में निशुल्क एनीमिया (हीमोग्लोबिन) व मधुमेह का जांच की गई। शाखाध्यक्ष कमल कुमार सिंह ने इस अभियान के बारे में बताया।
एक लैब के संचालक प्रशान्त व उनकी टीम ने रक्त के नमूने लेकर जांच की। रिपोर्ट सोमवार को आएगी। इस दौरान जूस, फ्रूटी व बिस्कुट आदि का वितरण हुआ। एनिमिक मिलने पर महिलाओं की निशुल्क इलाज होगी। अभियान में पार्षद अजय चौधरी, संजीव श्रीवास्तव, राजीव गुप्ता, विशाल कपूर, गीता सिंह, ललित वर्मा, रवि प्रकाश बरनवाल आदि रहे।
पत्रकारिता एवं पुरातत्व की परीक्षाएं 20 अगस्त से
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पत्रकारिता एवं जनसंचार विज्ञान स्नातकोत्तर के द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर और पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा की सेमेस्टर परीक्षाएं 20 अगस्त से शुरू होंगी। परीक्षाएं 30 अगस्त तक 11 बजे से दो बजे तक चलेंगी। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने दी।
शतरंज में युवराज और दिशा ने मारी बाजी
काशी चेस एकेडमी की ओर से तीसरा अंडर-17 नॉन-रेटेड शतरंज टूर्नामेंट रविवार को ककरमत्ता फ्लाईओवर के नीचे कॉम्पलैक्स में खेला गया। इसके ओपेन वर्ग में श्रेयांश अग्रवाल, अंडर-13 में युवराज जायसवाल, अंडर-10 में सिजान पांडेय, बालिका वर्ग में दिशा राय छह चक्रों की बाजी जीत विजेता बने। उक्त जानकारी आयोजन सचिव आदित्य वर्मा ने दी।
रोटेरियन राजेश भाटिया को सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष का खिताब
रोटरी अंतर नगरीय गोष्ठी में रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के अध्यक्ष रोटेरियन राजेश भाटिया को जुलाई माह के सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष का खिताब दिया गया। रोटरी मंडलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने उन्हें समाजोपयोगी कार्यों की उत्कृष्टता के लिए सम्मान दिया। रोटरी मंडल (3120) के आजमगढ़ में डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने बेहतर कार्य करने वालों का सम्मान किया।
उन्होंने जुलाई में गरीब बच्चों का निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया और वनवासी छात्रों के लिए भोजन सामग्री उपलब्ध कराने के कार्य किए। डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने क्लब के प्रयासों की प्रशंसा की। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष उत्तम अग्रवाल, सतीश बजाज, स्तुति अग्रवाल, दिनेश गर्ग, अनिल जाजोदिया, अविनाश मेहरोत्रा, मनोज जाजोदिया मौजूद रहे।
शहर में ट्रिपिंग ने किया परेशान, आती जाती रही बिजली
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती की समस्या एक बार फिर से बढ़ने लगी है। रविवार को दिन में शहर के कई इलाकों में ट्रिपिंग की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद शाम को भी तेज हवाओं की वजह से भी कई जगह केबल ढीला हो गया। इस वजह से बिजली आती जाती रही।
दोपहर में चांदपुर चौराहे के पास काॅलोनी, महेशपुर से लेकर नरिया आदि इलाकों में बिजली की आवाजाही जारी रही। उधर पांडेयपुर उपकेंद्र के तहत पोल पर लगी एबीसी टूटने से बिजली कट गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने किसी तरह एबीसी को सही करवाया। इसके अलावा केबल को टाइट करवाकर बिजली आपूर्ति सामान्य करवाई गई।
23 अगस्त तक आवेदन करें गोपालक, महिलाओं को वरीयता
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत गोपालकों को अधिकतम 80 हजार रुपये का अनुदान देय होगा। इस योजना अन्तर्गत बाह्य प्रदेश से उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों (गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा प्रजाति) की खरीद पर अनुदान हैं। महिला दुग्ध उत्पादकों/गोपालकों को 50 प्रतिशत वरीयता हैं। खरीद की जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यात की होनी चाहिए।
क्षेत्रीय दुग्धशाला विकास अधिकारी/ जिला समन्वयक नंद बाबा दुग्ध मिशन अखिलेंद्र मिश्रा ने बताया कि अनुदान दो गाय की इकाई की स्थापना के लागत का 40 प्रतिशत, अधिकतम 80 हजार रुपये तक मिलेगा। स्वदेशी उन्नत नस्ल के 10 गायों की इकाई स्थापना पर 50% हैं। इच्छुक व्यक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था 23 अगस्त तक नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल https://nandbabadugdhmission.up.gov.in पर उपलब्ध है।
50 लोगों की आंखों की जांच, 6 का होगा ऑपरेशन
रोटरी क्लब वाराणसी सारनाथ व आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल की ओर से राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के तहत रविवार को निशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर कोटवां में लगा। डॉ. ज्योति उपाध्याय की टीम ने लोगों की आंखों की जांच की। शिविर में 50 लोगों का नेत्र परीक्षण हुआ। छह लोगों को मोतियाबिंद था। इनकी शंकरा अस्पताल में ऑपरेशन होगा। शिविर में मंडलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल, क्लब की अध्यक्ष सुनीता भार्गव, उमा रस्तोगी रहीं।
तीन दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 19 जिलों के 100 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
नव भारत निर्माण समिति के इन्हें पंख दें अभियान एवं बनारस लिट्-फेस्ट की ओर से तीन दिवसीय राज्य-स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता, कार्यशाला और प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। रविवार को ऋषिव - वैदिक अनुसंधान, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के प्रांगण में आयोजित प्रतियोगिता में 19 जिलों के 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
रविवार को मुख्य अतिथि प्रो. विजय सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ. गोपाल प्रसाद, दुर्गेश सिंह ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संचालन नवभारत से बृजेश सिंह और समन्वयन डॉ. अपर्णा सिंह ने किया। संयोजक मंडल से राजेश सिंह, शालिनी यादव, डॉ. गीतिका नाथ, शिखा सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी भारत की विरासत विषय पर अपने कला का प्रदर्शन करते हुए चित्र बनाएंगे। विजेताओं के लिए प्रशस्ति पत्र, नकद पुरस्कार और गिफ्ट हैंपर दिए जाएंगे। पुरस्कार-सम्मान समारोह 19 अगस्त को होगा। इस दौरान डॉ. अमिताभ राव, डॉ. सोनी स्वरूप, शशिकांत शील, सौरभ, संतोष, ममता मौजूद रहे।
निशुल्क बीज के लिए 31 अगस्त तक आवेदन
तोरिया (लाही) का निशुल्क बीज सरकार की ओर से दिया जा रहा है। एक किसान को दो किलो बीज और मिनीकिट निशुल्क दिया जाएगा। पंजीकरण कराने के लिए अभी तक इसकी अंतिम तिथि 15 अगस्त थी, इसे बढ़ाकर अब 31 अगस्त कर दिया गया है। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि अभी तक 91 किसान तोरिया बीज प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। एक किसान को केवल एक मिनीकिट मिल सकेगा।
रेलवे यार्ड से लोहे का एंगल चोरी करने वाले दो लोग पकड़े गए
रेलवे यार्ड से लोहे का एंगल चोरी कर ले जाते हुए दो व्यक्तियों को आरपीएफ ने पकड़ा है। दोनों पर रेल संपत्ति अवैध कब्जा अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरपीएफ कैंट इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव ने बताया कि पता पूछने पर एक ने अपना नाम लोहता थाना के घमहापुर हनुमान मंदिर निवासी कार्तिक बताया तो दूसरे ने सिगरा के माल गोदाम भूसा मंडी निवासी सूरज मिश्रा बताया। दोनों को न्यायालय के आदेश के बाद रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नगर निगम के डंपर से कुचलकर बाइक सवार की मौत
चेतगंज थाना क्षेत्र के तेलियाबाग के आनंद मंदिर के पास रविवार दोपहर नगर निगम के कूड़ा वाहन डंपर से कुचलकर बाइक सवार राहुल सिंह (32) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता अवधेश सिंह ने डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडराइन कलबलवापुर निवासी राहुल सिंह बाइक से दोपहर में शहर आया था। दो बजे आनंद मंदिर सिनेमा हॉल के पास कूड़ा वाहन डंपर की चपेट में आ गया। आसपास के लोगों ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी चेतगंज ईशान सोनी ने बताया कि पिता अवधेश सिंह की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
दुकान लगाने को लेकर किन्नरों और युवक में मारपीट
बीएलडब्ल्यू आरपीएफ बैरक के सामने लगे मेले में दुकान लगाने को लेकर दो किन्नरों और एक अन्य दुकानदार में मारपीट हो गई। मंडुवाडीह पुलिस ने मौके से सभी दुकानें हटवा दीं। पांडेयपुर निवासी दो किन्नर मेले में गुब्बारा लगाने आए थे। इस दौरान एक युवक से विवाद हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह हो गया।
बाइक सवार युवकों पर हमला, पांच पर केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के रमना गांव के पास रविवार शाम मनबढ़ों ने बाइक सवार सौरभ और रोहित पर हमला कर दिया। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सौरभ पटेल ने पुलिस को बताया कि वह सराय डंगरी में बुआ के बेटे रोहित के साथ जा रहा था। रमना के पास विक्की, आर्यन, धीरज, सचिन और दो अज्ञात ने डंडे से मारा पीटा। इस दौरान बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सौरभ की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।