पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह के बेटे से धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज
न्यायालय स्पेशल जज भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (यूपीएसईबी) सुशील कुमार खरवार ने धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता ने पक्ष रखा। पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह के बेटे से एशियन पेंट की डीलरशिप के बहाने आरोपियों ने साइबर धोखाधड़ी की।
वादी मुकदमा सिद्धार्थ सिंह ने साइबर क्राइम थाने में प्रार्थना पत्र दिया। एशियन पेंट के डीलरशिप का विज्ञापन ऑनलाइन देखा। जिसमें पेंट लिमिटेड के डायरेक्टर के रूप में अमित सिंगल का मोबाइल नंबर दर्ज था। डीलरशिप के लिए 11 लाख 14539 रुपये जमा किए। न तो डीलरशिप मिली न ही पैसा वापस हुआ। जिसके बाद मुकदमा दर्ज कराया गया, जांच के बाद अभिनय कुमार, विश्वास कुमार व अन्य दो आरोपियों के नाम आए।
पुलिस ने आरोपियों को नालंदा बिहार से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लैपटॉप मोबाइल फर्जी एशियन पेंट और अंबुजा सीमेंट तमाम के रसीद लेटर पैड बरामद हुए। सुनवाई के बाद कोर्ट ने विश्वास कुमार और अभिनय की जमानत अर्जी खारिज कर दी।
डीसीपी वरुणा अपराध से मुक्त और तीन एसीपी के कार्यक्षेत्र में बदलाव
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार रात तीन एसीपी के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। वहीं, डीसीपी वरूणा जोन को अपराध से मुक्त कर एडीसीपी काशी को प्रभारी डीसीपी क्राइम का प्रभार सौंपा है। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार को जोन, मुख्यालय और लाइन का प्रभार दिया गया। काशी जोन के एडीसीपी सरवणन टी. को प्रभारी पुलिस उपायुक्त अपराध की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सारनाथ एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी को दशाश्वमेध सर्किल का एसीपी बनाया गया। दशाश्वमेध एसीपी धनंजय मिश्रा सेवानिवृत्त हो गए। एसीपी अपराध, साइबर विजय प्रताप सिंह को एसीपी सारनाथ बनाया गया। एसीपी मुख्यालय, अपराध, महिला, जनसुनवाई का प्रभार देख रहे शुभम कुमार सिंह को सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय, अपराध, एएचटीयू, जनसुनवाई, जल पुलिस के अलावा अब पर्यटक पुलिस का होगा।
संवासिनी प्रकरण में हेड कांस्टेबल की हुई गवाही, अब 28 मई को सुनवाई
विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए यदुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में संवासिनी प्रकरण में कांग्रेसी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में धरना-प्रदर्शन व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में सोमवार को कैंट थाने के तत्कालीन हेड कांस्टेबल राजकिशोर सिंह की गवाही पूरी हो गई। न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए 28 मई की तिथि नियत कर दी।
आरोपी कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला के मामले में अधिवक्ता ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में सूचीबद्ध पूर्व से ही सुरजेवाला के विरुद्ध कार्यवाहियों पर स्थगन आदेश पारित है। इसलिए सुप्रीम कोर्ट अपने आदेश में सूचीबद्ध होकर सुनवाई और आदेश विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए कोर्ट अग्रिम विधि कार्यवाही निष्पादित करें।
इस मामले में सुरजेवाला के खिलाफ स्थानीय अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लंबित है, सुरजेवाला की तरफ से आरोप से डिस्चार्ज किए जाने का अनुरोध स्थानीय अदालत में किया गया है, जिसके लिए केस डायरी और अन्य अभियोजन प्रपत्र की मांग की गई थी, जो अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया है।
महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने बनाया बंधक
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव स्थित दलित बस्ती में एक महिला के संग युवक को आपत्तिजनक हाल में ग्रामीणों ने सोमवार को पकड़ा। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने युवक को एक पेड़ में बांध दिया। शांति भंग और लोक लज्जा का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को छुड़ाया और थाने ले गई। देर शाम दोनों पक्षों में पंचायत के बाद युवक द्वारा सार्वजनिक मांफी मांगने पर पुलिस ने छोड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि शहीद परिवार के घर का होने के कारण युवक को छोड़ा गया। पुलिस ने युवक का शांति भंग की आशंका में चालान किया।
वाहन की टक्कर से बुजुर्ग घायल
चोलापुर के गोला गांव के हाईवे के पास सोमवार शाम साइकिल सवार बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बुजुर्ग को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम सभा तिलमापुर निवासी शिवराज सिंह (62) अपनी साइकिल से शहर की ओर जा रहे थे, जैसे ही वह गोला हाईवे के पास पहुंचे, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी दी और शहर की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
गैंग का रजिस्ट्रेशन और निगरानी बहुत जरूरी
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में थानों के हेड मोहर्रिर की जोनवार बैठक ली। अपराध नियंत्रण और गिरोह गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पर विशेष निर्देशित किया।
गैंग रजिस्ट्रेशन व चार्ट तैयार करने, थाना स्तर पर कम से कम एक गैंग का रजिस्ट्रेशन करने, पंजीकृत गैंग के बदमाशों पर निगरानी रखने और गिरोह से संबंधित अभिलेख, रजिस्ट्ररों का व्यवस्थित रखरखाव और बदमाशों का पूरा विवरण दर्ज करने पर जोर दिया। अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) ने हेड मोहर्रिर को प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने और अपराध नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए निर्देशित किया।
घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा संस्थान के सामने शुक्रवार रात सड़क हादसे में घायल युवक की सोमवार को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बहन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। गाजीपुर के सुहवल मेहंदीपुर निवासी प्रिंस कुमार (23) हीरामनपुर में किराये के मकान में रहता था। बुद्धा नगर कॉलोनी के गेस्ट हाऊस में काम करता था।
शुक्रवार रात बाइक से बुद्धा नगर कॉलोनी में गेस्ट हाउस जाने के लिए निकला था, तभी सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। बाइक सवार प्रिंस घायल हो गया था। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बहन पूजा की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
अपहरण का आरोपी गिरफ्तार, किशोरी मिली
किशोरी को अगवा करने के मामले में अपहर्ता को पुलिस ने चांदपुरी अंडरपास से सोमवार को गिरफ्तार किया। उनके पास से किशोरी को भी बरामद किया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रयागराज के फूलपुर बाबूगंज निवासी विमल बिंद के रूप में हुई है।
किशोरी को सुधार गृह भेजा गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि किशोरी से पिछले साल सोशल मीडिया से दोस्ती हुई थी। पिता उसकी शादी किसी दूसरे से करना चाहते थे। दोनों भागकर मंदिर में शादी करने जा रहे थे।
वीडीए ने दो अवैध निर्माण किए सील
वीडीए की ओर से सोमवार को दो अवैध निर्माण सील किए गए। सिकरौल वार्ड के कुंज विहार कॉलोनी में अनिल कुमार सिंह की ओर से अवैध निर्माण किया जा रहा था। जिसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। ऐढ़े रिंग रोड के पास अमरेंद्र सिंह की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। कार्रवाई को अंजाम जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा ने दिया।
द्वार पूजा के समय फायरिंग, बाल-बाल बचा युवक
राजातालाब थाना क्षेत्र के ओदार बीरभानपुर गांव में रविवार देर रात द्वार पूजा के दौरान फायरिंग हो गई। इसमें घराती और बराती बाल-बाल बच गए। टिन शेड को छेदते हुए गोली पास में सो रहे आकाश पटेल के पास गिरी। आकाश की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस ने छानबीन की।
गांव में जग नारायण पटेल की बेटी की शादी थी। सेवापुरी के रामडीह से बरात पहुंची और द्वार पूजा के दौरान बराती डांस करने लगे। इस बीच, किसी ने फायरिंग कर दी। आकाश ने बताया कि जब वह पास में चौकी पर सो रहा था, तभी कारतूस का खोखा गिरा। राजातालाब थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जमीन पैमाइश में पथराव और फावड़े से काटी नाक
चौबेपुर के चांदपुर गांव में सोमवार अपराह्न जमीन की पैमाइश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमले में तीन लोग घायल हो गए। फावड़ा के वार से लक्ष्मण यादव की नाक कट गई। लक्ष्मण समेत तीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चांदपुर गांव में खंजाटी यादव जमीन की पैमाइश करा रहे थे।
मौके पर राजस्व विभाग की टीम से कानूनगो भी थे। दूसरे पक्ष के लक्ष्मण यादव ने विरोध किया। इस बीच लाठी, डंडा और पथराव शुरू हो गया। एक व्यक्ति ने लक्ष्मण के चेहरे पर फावड़े से वार कर दिया, जिससे उनकी नाक कट गई। पथराव में बेटी कविता (24), पिता मिट्ठू यादव (70) को गंभीर चोटें आईं। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि एहतियातन गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वेयरहाउस के बाहर सीसीटीवी कैमरों से बढ़ाए निगरानी
जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पहाड़िया मंडी में ईवीएम/वीवीपैट का निरीक्षण किया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस के बाहर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वाह्य सुरक्षा व्यवस्था की अनवरत निगरानी के निर्देश दिए।
सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, कंट्रोल रूम, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों और रोशनदान को सुरक्षित रखने के उपायों सहित अन्य बिंदुओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों को ईवीएम/ वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा के बाबत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुरक्षा गार्ड्स की शिफ्टवार तैनाती सहित वेयरहाउस की अन्य सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण कर निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, भाजपा से जगदीश कुमार, सपा से अजय चौधरी, बसपा से अनिल खरवार मौजूद रहे।
सामूहिक दुष्कर्म की घटना में साक्ष्य छिपाने वालों पर हो कार्रवाई
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म में साक्ष्य छिपाने वालों के खिलाफ पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की मांग की गई है। युवा फाउंडेशन के सदस्यों ने इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई की मांग की। ताकि समाज में एक स्पष्ट संदेश जाए कि इस प्रकार के जघन्य अपराध और उससे जुड़े प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रकरण में आए दिन नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं, प्रतीत होता है कि कुछ लोग न केवल साक्ष्य छिपा रहे हैं, बल्कि प्रशासन व समाज को गुमराह करने का प्रयास भी कर रहे हैं। फाउंडेशन की ओर से सीमा चौधरी, विकास श्रीवास्तव, मुन्नालाल यादव, विकास मौर्या और माला तिवारी आदि रहीं।
वीडीए ने अवैध निर्माण सील कर पुलिस को सौंपा
वीडीए की ओर से सोमवार को अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। चेतगंज वार्ड के रमाकांत नगर में कंचन पाठक की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति के अनुसार, बगैर वीडीए की स्वीकृति के भूतल और प्रथम तल का निर्माण कर पिलर खड़ा करने, सरिया और शटरिंग का काम चल रहा था। जिसे सील कर दिया गया है।
निगम में गृहकर जमा करने का पोर्टल चालू
नगर निगम के वेबसाइट nnvns.org पर गृहकर का पोर्टल सोमवार को चालू हो गया है। एक दिन में 16 लाख रुपये की वसूली हुई है। दरअसल गृहकर, सीवरकर, जलकर का बिल एक करने के बाद नए वित्तीय वर्ष से एक बिल जारी किया गया है। इसके लिए फीडिंग का काम पोर्टल पर चल रहा था। इसके चलते बीते 27 दिनों से लोग ऑनलाइन बिल जमा नहीं कर पा रहे थे।
अब सभी 2.20 लाख भवन स्वामियों के बिल पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। इसके बाद लोग आसानी से अपने गृहकर का बिल घर बैठे जमा कर सकेंगे। इस बार सभी लोगों को एक ही बिल जारी किया गया है।
इससे आम जनता को दो अलग-अलग बिल जमा करने के लिए नगर निगम और जलकल के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक ही जगह से तीनों कर एकसाथ जमा कर सकेंगे। इस दौरान यदि किसी के बिल में कोई त्रुटि है तो वह आपत्ति करके उसका निस्तारण करा सकता है।
सपा नेता की स्वास्थ्य महानिदेशक से शिकायत
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के इमरजेंसी वार्ड में अस्थायी आईसीयू की मॉनीटरिंग मशीन खराब है। इसकी शिकायत सोमवार को सपा नेता विष्णु शर्मा ने स्वास्थ्य महानिदेशक से की है। सपा नेता ने कहा है कि मशीन खराब रहती है। इससे गंभीर रूप से अस्वस्थ मरीजों का उपचार सही ढंग से नहीं हो पाता है। उन्हें निजी अस्पताल जाना पड़ता है।
यूथ गेम्स में यूपी की हॉकी टीम में अभिजीत का चयन
बिहार में प्रस्तावित खेलो इंडिया यूथ गेम्स वाराणसी की हॉकी का करिश्मा देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए यूपी हॉकी में वाराणसी के अभिजीत पाल का चयन हुआ है। कोच अकरम महमूद ने बताया कि अभिजीत विकास इंटर काॅलेज परमानंदपुर वाराणसी के कक्षा 11वीं के छात्र हैं और खेल छात्रावास वाराणसी में हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह और हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बधाई दी है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से की मुलाकात
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रदेश अध्यक्ष प्रीति उपाध्याय ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से नई दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन के विस्तार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने कार्यों की सराहना की और जल्द ही पूर्वी उत्तर प्रदेश की महिला कार्यकर्ता की बैठक करने का भरोसा दिलाया है।
स्कूल के लिए निकला छात्र पहुंचा ग्वालियर, 24 घंटे में मिला
लंका थाना क्षेत्र के साकेत नगर नरिया से लापता किशोर आदित्य शर्मा को लंका पुलिस ने 24 घंटे में ग्वालियर से बरामद किया। रविवार को पिता विजय शर्मा ने लंका थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पिता ने पुलिस को बताया कि आदित्य 26 अप्रैल को स्कूल गया था, लेकिन लौटा नहीं था।
लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल और सर्विलांस से मालूम चला कि बालक की मनोस्थिति ठीक नहीं है। वह बनारस स्टेशन से ग्वालियर पहुंच गया। पुलिस की टीम ने अथक प्रयास कर उसे बरामद किया।
101 लोगों को बनाया अपना दल एस का सक्रिय सदस्य
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का जन्मदिन सोमवार को मनाया गया। साथ ही रोहनिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ सुनील पटेल की अगुवाई में कनेरी मोहन सराय स्थित पार्टी कार्यालय पर 101 लोगों को सक्रिय सदस्य बनाया गया। विधायक ने ही चारों जोन से आए सभी लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
रोहनिया विधायक ने पहलगाम हमले की घोर निंदा की और शोक व्यक्त किया। पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ नरेंद्र पटेल ने बताया कि सक्रिय सदस्य बनने वाले प्रत्येक लोगो को अपनी रसीद के जरिये 24-24 लोगों को पार्टी का साधारण सदस्य बनाना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल ने की। इस मौके पर दिनेश पटेल, डॉ. प्रेम, चंद्रशेखर,आदर्श कुमार वर्मा, राजकुमार वर्मा, मानस सिंह, सुनील पटेल, गोविंद पटेल, अंकित पाल, जुबेर, रामखेलावन आदि मौजूद रहे।
रक्तदान कर सम्राट पृथ्वीराज चौहान को किया नमन
सम्राट पृथ्वीराज चौहान की 876वीं जयंती की पूर्व संध्या पर सोमवार को चौहान फाउंडेशन के सदस्यों ने रक्तदान किया। लहुराबीर स्थित आईएमए ब्लड बैंक में 24 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर एडवोकेट अर्चना चौहान, जोगिंदर चौहान, अधिवक्ता पिंटू पांडेय, अधिवक्ता बलवंत चौहान, अभिषेक गोस्वामी, अजय पटेल, प्रदीप चौहान आदि मौजूद रहे।
एक राष्ट्र एक चुनाव समय की मांग : राज्यमंत्री
रिंग रोड पर सोमवार को भाजपा की ओर से जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में प्रबुद्ध समागम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने एक राष्ट्र-एक चुनाव का लाभ गिनाते हुए कहा कि इससे बार-बार होने वाले चुनावों पर होने वाला खर्च (जीडीपी का लगभग 1.5%) कम होगा।
एक साथ चुनाव होने से मतदाताओं में भ्रम कम होगा और मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है। नेताओं और सरकार का समय चुनाव प्रचार के बजाय विकास कार्यों पर अधिक केंद्रित होगा। इस मौके पर डॉ. अजय कुमार मिश्रा, डॉ. जेपी दुबे, प्रवीण सिंह गौतम, राम प्रकाश दुबे, गौरव राठी आदि मौजूद रहे।
स्ट्रोक्स ऑफ आइडेंटिटी थीम पर बने 70 चित्रों की लगी प्रदर्शनी
बीएचयू के दृश्य कला संकाय स्थित अहिवासी काला दीर्घा में युवा कलाकार श्यानु यादव की एकल कला प्रदर्शनी लगी। स्ट्रोक्स ऑफ आइडेंटिटी थीम पर तैल रंग के बने 70 चित्र प्रदर्शित किए गए। इन्हें श्यानु ने अपने अध्ययन काल में ही उकेरा था। इसका उद्घाटन पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. मृदुला सिन्हा ने किया। प्रो. सिन्हा ने कहा कि युवा कलाकारों को अपनी कला के विकास के लिए देश-विदेश के वरिष्ठ कलाकारों की कृतियां देखते रहना चाहिए। इस दौरान संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने श्यानु को शुभकामनाएं दीं।
भगवान शंकर ने ही गुरु के रूप में शंकराचार्य का रूप धारण किया
ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि शरणागत को कभी नहीं छोड़ना चाहिए। सनातन धर्म में शरणागत की रक्षा जरूरी है। ज्योतिर्मठ में आयोजित धर्मसभा में मठ के प्रथम गुरु तोटकाचार्य के बारे में बताते हुए शंकराचार्य ने कहा कि जटा वाले शंकर को तो आपने देखा होगा लेकिन मुंडित सिर वाले शंकर को कभी नहीं देखा होगा। मुंडित सिर वाले शंकर ही आदि गुरु शंकराचार्य हैं।
वेद में कहा गया नमःकपर्दिनेचव्युपातकेशायनमः यानी शंकर ने ही गुरु के रूप में शंकराचार्य का रूप धारण किया। वह जब धरती पर अवतरित हुए तो चार वेद साथ लेकर आए और वह भी चलायमान मूर्ति के रूप में। उनके चार शिष्य ही चार वेद हैं। शंकराचार्य ने कहा कि अथर्ववेदाम्नाय ज्योतिर्मठ के प्रथम आचार्य का नाम गिरि था। वह गुरु के परम भक्त थे और ज्योतिर्मठ के वह प्रथम गुरु हैं।
भारतीय पेटेंट अधिनियम के सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा पर मंथन
बीएचयू के विधि संकाय में दवाओं तक पहुंच और उत्पाद पेटेंट संरक्षण के 20 वर्षों के सफर पर कार्यशाला की गई। 300 प्रतिभागियों को इस सेक्टर की चुनौतियों, स्वीकार्यता और भविष्य की दिशा को तय किया गया। वक्ता डॉ. गार्गेय तेलकपल्ली और केएम गोपाकुमार ने उत्पाद को पेटेंट दिलाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
थर्ड वर्ल्ड नेटवर्क के सहयोग से इस कार्यक्रम को कराया गया। प्रथिभा सिवासुब्रमणियन ने भारतीय पेटेंट अधिनियम में सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा के उपायों को अपनाने की बात कही। इस दौरान रौशन जोसफ, प्रो. सीपी उपाध्याय मौजूद रहे।
प्रोफेसर कौशल किशोर को दी श्रद्धांजलि
राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र सोमवार को नगवां स्थित दिवंगत प्रोफेसर कौशल किशोर मिश्र के घर पहुंचे। यहां उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय, शशि मिश्र, डाॅ. भारती मिश्र, सुनील मिश्र, डॉ. अनूप मिश्र, अशोक पांडेय आदि मौजूद रहे।
भारत सुरक्षा परिषद का वार्षिकोत्सव 29 जून को
भारत सुरक्षा परिषद का 42वां वार्षिकोत्सव 29 जून को मनाया जाएगा। इसमें कई सम्मान दिए जाएंगे। इस दौरान भारत दर्पण स्मारिका का विमोचन होगा। इसके लिए कला, संगीत, शिक्षा, चिकित्सा आदि क्षेत्रों से 15 मई तक आवेदन मांगे गए हैं। यह जानकारी डॉ अरविंद गांधी ने दी।
राज्यमंत्री ने किया चित्रगुप्त मंदिर के बहुउद्देशीय सभागार का लोकार्पण
रमरेपुर स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त जी मंदिर प्रांगण के बहुउद्देशीय सभागार का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। बतौर मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री ने कहा कि बहुउद्देशीय सभागार के बनने से जरूरत मंदों को मदद मिलेगी। साथ ही स्वच्छ पानी के लिए बोरिंग, पाथवे निर्माण के साथ सभागार के अंदर सीढ़ी को ऊपर सुंदरीकरण कार्य के लिए ठेकेदार को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि वाराणसी में विभिन्न चौराहों को महापुरुषों और साहित्य कारों के नाम पर रखने की योजना है। पहड़िया चौराहा को श्री चित्रगुप्त चौराहा या कलम-दवात चौराहा नामकरण किया जाएगा। श्री चित्रगुप्त जन कल्याण ट्रस्ट की ओर से सभी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संचालन अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर राकेश कुमार श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, हर्षित श्रीवास्तव, प्रो. शरद कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
महमूरगंज में खेली जाएगी गुप्तेश्वर मिश्र स्मृति कुश्ती
कुश्ती के भीष्म पितामह गुप्तेश्वर मिश्र स्मृति कुश्ती अंडर-17 सब जूनियर बालक और बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 7 मई को महमूरगंज के निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज में खेली जाएगी। खिलाड़ियों के वजन में एक किलो की छूट जी जाएगी।
इस प्रतियोगिता में 2008 से 2009 में जन्मे खिलाड़ी खेल सकेंगे। खिलाड़ियों का वेरिफिकेशन सुबह 8 बजे से होगा। कुश्ती कोच गोरख नाथ यादव ने बताया कि गुप्तेश्वर मिश्र हिंदुस्तान के इकलौते पहलवान थे जिन्होंने ओलंपिक में बतौर पहलवान, कोच और निर्णायक के रूप में प्रतिभा किया था।
शंकुलधारा पोखरे के आसपास रहे सफाई, स्ट्रीट लाइट करें ठीक
डीएम सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को खोजवां में शंकुलधारा पोखरे का निरीक्षण किया। 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को देखा। डीएम ने पोखरे के चारों ओर बनने वाली वेदियां और मुख्य मंच को देखा। पार्किंग और स्कूल परिसर में की गई तैयारियों को देखा। जिलाधिकारी ने कहा कि साफ-सफाई, पार्किंग, सड़क और गलियों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पोखरे की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे।
निशानेबाजी की राष्ट्रीय स्पर्धा में प्रियंका ने जीता कांस्य
मध्य प्रदेश के भोपाल स्टेट शूटिंग एकेडमी में आयोजित कुमार सुरेंद्र सिंह राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता खेली गई। इसमें वाराणसी के मड़ौली निवासी प्रियंका पटेल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। 22 अप्रैल से 5 मई तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रियंका 50 मीटर पिस्टल में 600 में से 545 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहीं। जबकि 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में 600 में से 576 अंक हासिल कर छठा स्थान हासिल किया। प्रियंका पटेल इससे पहले असम में आयोजित खेलो इंडिया, बीएचयू की ओर से दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता खेल चुकी हैं।
सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के संयोजक बने अखिलेश कुमार गुप्ता
समता समाजवादी कांग्रेस पार्टी (कांग्रेस - एस) के प्रदेश अध्यक्ष एवं लखनऊ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता अम्बरीष कुमार द्विवेदी ने वाराणसी के वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश कुमार गुप्ता को सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र का संयोजक मनोनीत किया है।
वसंता कॉलेज में आरक्षण उल्लंघन के आरोप पर यूजीसी ने निर्देश वीसी को दिया
बीएचयू की वसंत महिला महाविद्यालय पर नियुक्तियों मामले में लगे आरोपों को लेकर यूजीसी ने बीएचयू के कुलपति को कार्रवाई आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। यूजीसी की डिप्टी सेक्रेटरी पूजा भौमिक की चिट्ठी शिकायतकर्ता डॉ. पल्लवी पांडेय को भी प्राप्त हो गई है। आवेदक डॉ. पल्लवी पांडेय की ओर से यूजीसी में शिकायत कराई गई थी।
इसमें उन्होंने कहा था कि वर्ष 2023 के विज्ञापन में गृहविज्ञान विषय के पद को निजी हित के चलते आरक्षण के नियमों का उल्लंघन कर बदल दिया गया और वहीं बाद के पदों को भी मनमाने तरीके से रिजर्वेशन रोस्टर किया गया है। डॉ. पांडेय ने अपने अधिवक्ता के जरिए बीएचयू के कुलपति और कुलसचिव, राष्ट्रपति के सचिव से भी इसकी शिकायत की थी।
इस मामले में प्राचार्य प्रो. अल्का सिंह पर भी कई आरोप लगे हैं। इस मसले को लेकर प्राचार्य प्रो. अल्का सिंह ने कहा, मेरे पास भी पत्र आया है। आरोप लगाने वाले हर बार सही नहीं होते। शिकायत करने वालों का कोई भी तथ्य सही नहीं है। बहुत कुछ कहा जा सकता है। लेकिन क्या कर सकते हैं।
13 पंचायत सहायकों का रोका गया वेतन
चिरईगांव ब्लॉक सभागार में सोमवार को ग्राम पंचायत सहायकों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें 13 ग्राम पंचायत सहायक पहुंचे ही नहीं। इस पर उनका एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई।
एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि ब्लाॅक के ग्राम पंचायत सचिवालयों पर तैनात पंचायत सहायकों के कार्यों की समीक्षा और माॅनीटरिंग के लिए 15-15 ग्राम पंचायतों का क्लस्टर बनाया गया है। बैठक में फेमिली आईडी, आय, जाति व आयु प्रमाण पत्र, खतौनी की नकल जारी करने आदि से संबंधित प्राप्त आवेदन पत्रों की समीक्षा की गई। इसमें कई सहायकों के कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई।
संघ प्रमुख के आगमन से पहले सुरक्षा बैठक
अक्षय तृतीया पर 30 अप्रैल को संघ प्रमुख मोहन भागवत काशी पहुंचेंगे। सुरक्षा को लेकर सोमवार को एयरपोर्ट पर बैठक हुई। करीब एक घंटे तक चली बैठक में अफसरों ने सुरक्षा संबंधी सभी बिंदुओं पर चर्चा की। आरएसएस प्रमुख अपने एक दिवसीय दौरे पर दिल्ली से विमान से 11:30 बजे पहुंचेंगे।
इसके बाद एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा शहर के लिए रवाना होंगे। शंकुलधारा पोखरा पर आयोजित कन्यादान कार्यक्रम में शामिल होंगे। बैठक के दौरान आरएसएस प्रमुख के सुरक्षा अधिकारी, एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता, डीसीपी गोमती आकाश पटेल, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार, सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट राजूराम मौजूद रहे।
चार पार्कों का सुंदरीकरण कराएगा नगर निगम
नगर निगम की ओर से कचहरी स्थित आंबेडकर पार्क के आसपास के 4 पार्कों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके लिए सोमवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने इन पार्कों में सुंदरीकरण के साथ हॉर्टिकल्चर, वॉल पट्टी पर डिजाइन बनाने को कहा।
इसके अलावा छूटे हुए वॉल पर पेंटिंग कराने, पाथवे के इंटरलॉकिंग मेंटेनेंस, हॉर्टिकल्चर वाले स्थान पर रेलिंग मेंटेनेंस, पेंटिंग आदि कराने को कहा। इस दौरान संयुक्त नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, उद्यान अधीक्षक, पूर्व पार्षद दिनेश यादव आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस ने जुलूस निकालकर उठाई फांसी की मांग
सिंधोरा थाना क्षेत्र के मरुई निवासी अधिवक्ता पुत्र हेमंत पटेल की हत्या के मामले में कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकालकर हत्यारों को फांसी देने की मांग की। वामपंथी दल ने ने राज्यपाल को संबोधित पत्रक के माध्यम से हत्यारों को फांसी देने की मांग की। सोमवार सुबह तहसील पिंडरा पर भाकपा माले के कार्यकर्ता जुलूस लेकर पहुंचे।
राज्यपाल को संबोधित पत्रक एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा को सौंपा। जिला सचिव अमरनाथ राजभर, ओमप्रकाश, गुलाब शर्मा, नंदाराम शास्त्री, श्यामलाल रहे। उधर, शाम को कांग्रेस ने मार्च निकाल कर पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
आरोप लगाया कि पुलिस केवल एक गिरफ्तारी कर मामले को दबाने में जुटी है। डेढ़ किमी के मार्च में अजय राय के पुत्र शांतनु राय, जिला उपाध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ राजू राम, शशिकांत मिश्रा, रामसनेही पांडेय, श्याम बाबू सिंह, दीना सिंह रहे।
कैंट स्टेशन के पांच प्लेटफॉर्म पर वीडीए लगाएगा स्कल्पचर
कैंट रेलवे स्टेशन के पांच प्लेटफॉर्म पर वीडीए की ओर से स्कल्पचर लगाए जाएंगे। सोमवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने निरीक्षण किया। उनके साथ स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता रहे। वीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि कीर्ति स्तंभ, स्टैंडिंग नंदी, वी फॉर वाराणसी, स्तूप स्कल्पचर लगाए जाएंगे। प्लेटफॉर्म संख्या 9, प्लेटफॉर्म 4-5, प्लेटफॉर्म 10-11 के बीच, एंट्री गेट नंबर वन के पास इन्हें लगाया जाएगा।
दोनों अधिकारियों ने स्थानों के अलावा टिकट काउंटर के अंदर के भाग का निरीक्षण किया। कीर्ति स्तंभ में ऊपर राष्ट्रीय प्रतीक चार मुंह वाले शेर होंगे। नीचे दोनों तरफ से रेल अंडरपास से निकलती दिखाई देगी। इसी प्रकार स्टैंडिंग नंदी में एक मवेशी खड़ा होगा जिसकी पूंछ हवा में होगी। वी फॉर वाराणसी का स्कल्पचर लगाया जाएगा। एक स्तूप भी लगेगा। बाहर से आने वाले यात्रियों को काशी का बेहतर अनुभव होगा। इसके पूर्व भी वीडीए की ओर से काशी के प्रमुख चौराहों पर स्कल्पचर लगाए गए हैं।
अक्षय तृतीया पर धर्मसंघ में 251 बटुकों का होगा यज्ञोपवीत
अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त में विवाह, यज्ञोपवीत और मूर्ति स्थापना के मांगलिक कार्य संपन्न होंगे। शहर के मठ मंदिरों में यज्ञोपवीत के अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। कहीं 251 तो कहीं 101 तो कहीं 51 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार कराया जाएगा। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। धर्मसंघ परिसर में सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन 30 अप्रैल को होगा।
दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ परिसर में 30 अप्रैल को निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन होगा। इस आयोजन में देश भर से बटुक शामिल होंगे। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के साथ ही नेपाल से भी बटुक आयोजन में शामिल हो रहे हैं। यज्ञोपवीत का यह कार्यक्रम सुबह सात बजे से आरंभ हो जाएगा। वहीं शहर के दूसरे मठ मंदिरों में भी यज्ञोपवीत का आयोजन कराया जा रहा है।
सुबह ए बनारस के मंच पर अभिषेक ने छेड़ा राग नट भैरव
सुबह ए बनारस में युवा कलाकार अभिषेक मौर्या का गायन हुआ। अभिषेक ने गायन की शुरूआत राग नट भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश देखो मन मोहत...से की। इसके बाद उन्होंने भजन रामा हो...सुनाकर आनंदित किया। समापन उन्होंने भजन सांवरे आइ जइयो...से किया। तबले पर कृष्ण कुमार उपाध्याय और संवादिनी पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने प्रदान किया।
पहलगाम हमले के विरोध में किया 15 मिनट का ब्लैक आउट
पहलगाम हमले के विरोध में शहर में विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। सोमवार को शहर के कई इलाकों में स्थानीय लोगों ने 15 मिनट का ब्लैक आउट करके पहलगाम में हुए आतंकी हमले का विरोध जताया। रात्रि में 8 बजे से लेकर 8:15 बजे तक शहर के कई इलाकों में लोगों ने अपने-अपने घरों की लाइट को बंद करके विरोध किया। सभी ने एक स्वर से आतंकवादियों और पाकिस्तान के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
आज बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने जाएंगे भगवान परशुराम
अक्षय तृतीया के प्रदोष काल में मंगलवार को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर सहित शहर के मंदिरों में भी आयोजन होंगे। श्रद्धालु भगवान परशुराम के विग्रह को लेकर बाबा विश्वनाथ के मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे।
सनातन धर्म परंपरा के अनुसार वैशाख शुक्ल पक्ष तृतीया पर 29 अप्रैल को भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के अवतरण दिवस पर विधि विधान पूर्वक काशी करवत मंदिर में आयोजन होगा। हर साल की तरह शाम को 4.30 बजे परशुराम जन्मोत्सव के पावन पर्व पर भगवान परशुराम की अष्टधातु से निर्मित प्राचीन चल प्रतिमा का विधि विधान पूर्वक पूजन होगा।
शाम छह बजे भगवान परशुराम अपने शास्त्र-शस्त्र के गुरु और बाबा काशी विश्वनाथ का विधिवत पूजन करने और आशीर्वाद लेने विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। इस अवसर पर सन्त, श्री महंत, विद्वान और शिवभक्त गण एकत्र होकर अक्षय पुण्य के भागी बनेंगे।
अक्षय तृतीया पर होगी ओंकार खंड की अंतरगृही यात्रा
अक्षय तृतीया पर 30 अप्रैल को श्रद्धालु ओंकार खंड की अंतरगृही यात्रा करेंगे। श्री लाट भैरव काशी यात्रा मंडल की ओर से पदयात्रा सुबह सात बजे मत्स्योदरी तीर्थ (मछोदरी पार्क) से प्रस्थान करेगी। यात्रा के व्यवस्थापक केवल कुशवाहा ने बताया कि काशी तीन पवित्र खंडों में विभक्त है। इसमें प्रथम ओंकारखंड अंतर्गत अंतरगृही यात्रा की जाएगी।
गंगा आरती देख अभिभूत हुईं सलमान खान की बहन अर्पिता
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहन अर्पिता सोमवार को अपने परिवार के साथ बनारस पहुंची। उन्होंने दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में हिस्सा लिया और मां गंगा का वैदिक रीति से पूजन किया। मां गंगा की भव्य आरती देख वह अभिभूत नजर आईं।
उन्होंने मां गंगा की श्रद्धा भाव से पूजा की। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा और सचिव हनुमान यादव ने अर्पिता का स्वागत किया। उन्होंने उन्हें मोमेंटो, अंगवस्त्र और प्रसाद देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अर्पिता ने गंगा सेवा निधि के योगदान की सराहना की और इस धार्मिक अनुभव को अपने जीवन का एक अविस्मरणीय पल बताया।
अध्यक्ष बने विनोदानंद, प्रियंका उपाध्यक्ष
अवध पैराडाइज सोसायटी हरहुआ के पदाधिकारियों का चुनाव सोमवार को क्लब हाउस में हुआ। इसमें विनोदानंद सिंह को अध्यक्ष, प्रियंका श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष, राजकरण मिश्रा को सचिव, बिट्टन सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।
चुनाव समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार उपाध्याय और सहयोगी रणजीत सिंह, एसके मलाना की देखरेख में हुआ। चुनाव प्रक्रिया में कुल 134 मतदाताओं में से 67 ने हिस्सा लिया। चुनाव परिणाम की घोषणा चुनाव समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सोसायटी के लोगों ने बधाई दी।
गुलाबी रंग की साइकिल पाकर खिल उठे छात्राओं के चेहरे
रोटरी अंतरराष्ट्रीय के मंडल 3120 की ओर से सोमवार को 93 साइकिल का वितरण किया गया। शहर की कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं को जब गुलाबी रंग की साइकिल मिली, उनके चेहरे खिल उठे। छात्राओं ने बताया कि यह साइकिल उनके विद्यालय और कोचिंग संस्थान की दूरी तय करने में मदद करेगी।
सोमवार को महमूरगंज स्थित मोतीझील में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील बंसल ने बताया कि साक्षरता एवं शिक्षा के क्षेत्र में रोटरी क्लब की ओर से पूरे विश्व में अनेक कार्यक्रम चल रहे हैं। विद्यार्थियों को साइकिल वितरण इसी उद्देश्य पूर्ति का एक प्रयास है। इसमें रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की ओर से 23 साइकिल दी गई।
संचालन प्रशांत नागर, मनोज जाजोदिया और दीपक अस्थाना ने संयुक्त रूप से किया। धन्यवाद प्रकाश देव और प्रमोद अग्रवाल ने किया। इस दौरान अविनाश मेहरोत्रा, दीपक अग्रवाल, उमेश मिश्रा, रत्नेश जैन, नारायण बग्गा, संदीप गुप्ता, अशोक अरोड़ा, अजीत मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।
केंद्रीय उच्च तिब्बती संस्थान में दाखिले के लिए आवेदन शुरू
केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए आवेदन पत्र ऑनलाइन कर दिया गया है। इच्छुक छात्र-छात्राओं को संस्थान की वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड करना होगा। भरे गए आवेदन पत्र को पांच जून से पहले संस्थान के पते पर रजिस्टर्ड पोस्ट, स्पीड पोस्ट और कुरियर के जरिये पांच जून तक भेजा जा सकता है।
तिब्बती शिक्षा संस्थान में पूर्व मध्यमा, उत्तर मध्यमा, शास्त्री, बीएफए, आचार्य, एमएफए, विद्यावारिधि और दो वर्षीय पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम में दाखिले होंगे। संस्थान में दाखिला प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा। प्रवेश परीक्षा 22 जून को दो पालियों में होगी और परिणाम 26 जून को जारी किए जाएंगे। इसके बाद छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग तीन से पांच जुलाई तक होगी। आवेदक संस्थान की वेबसाइट www.cihts.ac.in पर दाखिले की पूरी जानकारी ले सकते हैं।
संवेदनशीलता के साथ करें लोगों की समस्याओं का निस्तारण
डीएम सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को जनता दर्शन में आए लोगों की समस्याएं सुनीं। अफसरों को फोन पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। अफसरों से कहा कि समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुने और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। डीएम ने अफसरों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस पोर्टल को रोज देखें और लंबित मामलों का निस्तारण तेजी से करें।
पोर्टल धीमा होने से लंबित हुए 150 जन्म-मृत्यु के प्रमाण पत्र
नगर निगम पोर्टल पर जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन की प्रक्रिया धीमी होने से 150 आवेदन लंबित हैं। पोर्टल पर आवेदनों की संख्या अधिक होने से भी प्रक्रिया धीमी हो जाती है। कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी लगाए गए हैं।
आवेदकों को आवेदन की स्थिति जानने के लिए पोर्टल पर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। पिछले दिनों अभियान चलाकर नगर निगम ने लंबित प्रमाणपत्रों का निस्तारण कराया था। फिर से पोर्टल की प्रक्रिया धीमी होने से आवेदन अटके हैं। जिसके लिए पत्राचार किया गया है। मेयर अशोक कुमार तिवारी से लोगों ने शिकायत की। जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को समस्या दूर करने के संबंध में निर्देश दिए।
गाजियाबाद की टीम बनी शूटिंग बॉल की चैंपियन
44वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर शूटिंग बाॅल प्रतियोगिता क्षेत्र के उदयपुर स्थित लोक हित किरण विद्यालय में खेली गई। इसमें चार जोन के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। महिला पुरुष दोनों का फाइनल गाजियाबाद और वाराणसी की टीमों के बीच खेला गया। इसमें गाजियाबाद की टीम ने दोनों मुकाबले जीते और ओवरऑल चैंपियन बनी।
शूटिंग बाॅल फेडरेशन ऑफ वाराणसी के अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता तमिलनाडु में खेली जाएगी। प्रादेशिक प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय शिविर में हिस्सा लेंगे। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन लालगंज विधायक बेचई सरोज ने किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व ब्लाॅक प्रमुख चोलापुर सुभाष यादव ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर भैयालाल पटेल, राजेश मिश्र, रमेश राजभर, संजय पटेल, अजय चौबे मौजूद रहे।
बीएचयू में 29 अप्रैल से शुरू होंगी मिड टर्म सेमेस्टर परीक्षाएं
बीएचयू में 29 अप्रैल से मिड टर्म सेमेस्टर परीक्षा की शुरुआत होगी। नई शिक्षा नीति की तर्ज पर तीन वैल्यू एडिशन कोर्स के तहत ये परीक्षा कराई जाएगी। दो मई तक तीन विषयों की मिड टर्म की परीक्षा पूरी करा ली जाएगी। 29 अप्रैल को सुबह 11 से 12 बजे तक इंवायरमेंटल साइंस की परीक्षा होगी। 30 अप्रैल को दोपहर के 2 बजे से 3 बजे तक आयुर्वेद और दो मई को 10 से 11 बजे तक अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।
उच्च शिक्षा में परंपरा के साथ आधुनिकता भी जुड़े
बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में विश्वविद्यालय गवर्नेस में प्रशासन की भूमिका विषय पर चर्चा हुई। केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान की कुलसचिव डॉ. सुनीता चंद्रा ने कहा कि करीब 25 प्रतिशत आबादी 25 साल से नीचे की उम्र की है। इन्हें उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करना है।
यदि उच्च शिक्षा में अपनी परंपरा के साथ आधुनिकता को भी जोड़ा जाए तो हमारा देश सबका गुरु हो जाएगा। हजारों साल पहले विश्व के कोने-कोने से हजारों की संख्या में विद्यार्थी हमारे देश में ज्ञान प्राप्त करने के लिए आते थे, ऐसे में कुछ तो विशेष रहा होगा। लेकिन धीरे-धीरे यह विश्वसनीयता कम क्यों हुई इस पर चिंतन की जरूरत है।
विद्यापीठ में अटल बिहारी के जन्म शताब्दी पर हुई निबंध प्रतियोगिता
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष पर निबंध प्रतियोगिता और संगोष्ठी का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में छात्र और छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपने विचारों का साझा किया। समाजशास्त्र विभाग में सर्व शिक्षा अभियान और भारत विषय पर संगोष्ठी हुई। मुख्य वक्ता प्रो. भारती रस्तोगी ने कहा कि अटल बिहारी का शिक्षा के क्षेत्र कई योगदान है।
ईयर फोन लगाकर मजदूर ने फंदे पर लटक कर दी जान
सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा सोमवार को मजदूर ने फंदे पर लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिहार के बक्सर निवासी मुन्ना (35) लल्लापुरा क्षेत्र के रमा शंकर सिंह के मकान में आठ महीने से किराये पर रह रहे थे। पेशे से मजदूर मुन्ना की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य गांव में ही रहते हैं।
रविवार से ही मुन्ना के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। मकान मालिक ने दूसरे कमरे की खिड़की से झांका तो अंदर मुन्ना का शव गमछे के सहारे पंखे की हुक से लटका हुआ था। कान में ईयर फोन लगा था, वहीं नीचे उसका मोबाइल फोन गिरा मिला। पुलिस के अनुसार घटना से पूर्व उसकी किसी से बातचीत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वजह स्पष्ट हो पाएगी।
दर्शनार्थी ने दरोगा पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के बाद एक श्रद्धालु से दुर्व्यवहार का आरोप लगा है। प्रोटोकॉल के तहत दर्शन करने गए डॉ. मनोज त्रिपाठी का आरोप है कि सुबह 4.45 बजे लाइन में लगे थे। इसी दौरान गर्भगृह के पूर्वी गेट पर खड़े दारोगा ने दुर्व्यहार किया। अपशब्द कहे।
डॉ. मनोज ने मौके पर मौजूद मंदिर के कर्मचारियों से शिकायत दर्ज कराई। मामले में कार्रवाई की मांग भी की। पूरा वाकया मंदिर के सीसीटीवी में कैद है। एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के आरोप में युवक को पुलिस ने पीटा
काशी विश्वनाथ मंदिर के पास सोमवार को चोरी के आरोप में पुलिस ने एक युवक की पिटाई कर दी। घायल युवक को पुलिस ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। चेतगंज थाना क्षेत्र के मलदहिया निवासी रामजी को विश्वनाथ मंदिर के पास चोरी का आरोप में पुलिस ने पकड़ा और पिटाई कर दी। लहूलुहान युवक को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
अचेतावस्था में भर्ती बुजुर्ग ने तोड़ा दम
रामनगर अस्पताल से रेफर मंडलीय अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग की सोमवार को मौत हो गई। अस्पताल कर्मियों ने शव को मोर्चरी में रख पुलिस को सूचना दी।
समोसे के विवाद में मजदूर पर उड़ेला खौलता तेल
कोतवाली थाना क्षेत्र के दारानगर मोहल्ले में सोमवार को दुकानदार और एक युवक के बीच समोसे के पैसे को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दुकानदार ने युवक के शरीर पर खौलता तेल उड़ेल दिया। झुलसे युवक को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। आदमपुर थाना क्षेत्र के विजयपुरा निवासी रामजी (35) राजमिस्त्री का काम करता है।
दारानगर मोहल्ले में प्लास्टर का काम कर रहा था। दोपहर में काम करने के बाद नाश्ता करने एक दुकान पर पहुंचा और समोसा खाया। वहीं, बैठकर आराम कर रहा था। इसी बीच पैसा न मिलने पर दुकानदार ने गालीगलौज की। रामजी ने विरोध किया तो दुकानदार ने उस पर पौने से सिर पर वार किया और गर्म तेल उड़ेल दिया। इससे उसके दोनों पैर और हाथ झुलस गए।
विद्यापीठ में आंबेडकर जयंती उत्सव में 28 विजेता पुरस्कृत
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 15 दिवसीय आंबेडकर जयंती उत्सव के आठ प्रतियोगिताओं के 28 विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। सोमवार को डॉ. भगवानदास केंद्रीय पुस्तकालय के आचार्य नरेंद्र देव समिति कक्ष में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि आज के वक्त में भी आजादी को बरकरार रखना बहुत बड़ी चुनौती है।
कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से हमारी नयी पीढ़ी बाबा साहब जैसे तमाम ऐतिहासिक रत्नों से परिचित होते हैं। पुरस्कृत होने वालों में वंदना मौर्य, कीर्ति राय, श्रीधर, चिराग त्रिपाठी, आयुष कुमार, शुभम यादव, कुमारी कोमल, गोपाल साहनी, सुधांशु मिश्रा, वैष्णवी चौहान, रश्मि सिंह, सागर कल्याण, आजाद राम, भानु प्रताप, आनंद कुमार, रंजना सोनकर, श्वेता ठाकुर, धैर्य जायसवाल, अरुण कुमार जैन, आयुषी गौतम, शुभम, कान्हा मिश्रा, रूबल कुमार, कीर्ति राय और अंकित दुबे शामिल रहे।
एक तस्कर गिरफ्तार, 90 प्रतिबंधित पक्षी बरामद
वन विभाग और पुलिस की टीम ने सोमवार को बहेलिया टोला में छापा मारा। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 90 प्रतिबंधित पक्षी बरामद किए। प्रभागीय वन अधिकारी स्वाति ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी कई दिनों से इलाकों को चिह्नित कर रहे थे। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
समय से पूरा करें एसटीपी का निर्माण
डीएम सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को भगवानपुर में निर्माणाधीन 55 एमएलडी एसटीपी और नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत संचालित 50 एमएलडी एसटीपी रमना का निरीक्षण किया। अफसरों ने बताया कि 55 एमएलडी क्षमता के एसटीपी निर्माण की परियोजना रूपये 308.09 करोड़ की स्वीकृति हुई है। 62 फीसदी काम पूरा हो चुका है। दिसंबर 2025 तक इसे पूरा करना है। डीएम ने निर्देश दिए कि समयसीमा में ही काम पूरा करें।
पं. सामता प्रसाद संगीत संस्थान की दूसरी शाखा का उद्घाटन
पद्मभूषण पं. सामता प्रसाद मिश्र उर्फ गुदई महाराज संगीत संस्थान की दूसरी शाखा का उद्घाटन सोमवार को चौरा माता की गली में हुआ। मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु रहे। कार्यक्रम में बनारस घराने के कलाकार पं. मंगला प्रसाद मिश्रा, पं. पंकज मिश्रा, पं. अजय मिश्र मौजूद रहे। संगीत संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में संगीतमय प्रस्तुतियां दीं।
धार्मिक आरोप लगाकर युवक की पिटाई, मंडलीय में भर्ती
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में मुस्लिम युवक की सोमवार रात कुछ लोगों ने धार्मिक आरोप लगाते हुए पिटाई कर दी। बेल्ट और लाठी से वार कर उसकी पीठ लाल कर दी। युवक को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया है।
दालमंडी के खजूर गली कपड़ा मार्केट निवासी मोहम्मद रेहान ने पुलिस को बताया कि वह दशाश्वमेध घाट पर रात को गया था। कुछ युवकों से विवाद हो गया। वह धार्मिक आरोप लगा रहे थे। इस बीच उसे बेल्ट और डंडे से मारा। दशाश्वमेध थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। पर्यटकों ने मारा पीटा है। फिलहाल युवक को मंडलीय अस्पताल में उपचार कराने भेजा गया है।