आकाश की मां मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा बुधवार दोपहर घर से निकला था। घर के पास कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उसे एक घर में बंद कर लिया और बेरहमी से पीटा। लोहे की रॉड से सिर और चेहरे पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर मंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद भरौटी इलाके में तनाव और असुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। इलाके के कुछ हिंदू परिवारों की ओर से अपने घरों के बाहर मकान बेचने के पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। इससे संबंधित फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि, पोस्टर लगाए जाने के पीछे की परिस्थितियों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में नौ नामजद और अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।