प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार्तिक पोस्टर लगाने के लिए गेट के ऊपर चढ़ गया। गेट के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी। पोस्टर लगाने के दौरान वह अचानक बिजली के तार के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया और वह नीचे गिर पड़ा।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल युवक को संभाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
छठ की तैयारियों के बीच पसरा मातम
छठ पूजा को लेकर पोखरा पर सजावट और अन्य तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान हुए हादसे ने आयोजन की खुशियों को मातम में बदल दिया। 18 वर्षीय कार्तिक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की असमय मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।