जौनपुरः जिंदगी से हारने वाले रामचंद्र जीत गए चुनाव
प्रधान बनने के लिए दिन-रात एक करने वाले रामचंद्र मौर्य को क्या पता था कि खुशी मिलने से पहले ही उनकी जान चली जाएगी। रविवार को मतगणना के बाद जब उनकी जीत का एलान हुआ तो लोग सकते में रह गए। बारह दिन पहले मृत हुए रामचंद्र मौर्य को 164 मतों से चुनाव में जीत मिली है। रामनगर ब्लाक के जयरामपुर गांव निवासी रामचंद्र मौर्य की हसरत इस बार प्रधान बनने की थी। इसके लिए सारी औपचारिकताएं पूरी करते हुए उन्होंने जी तोड़ कोशिश की। दिन-रात ग्रामीणों की सेवा में लगे रहे, ताकि उन्हें उनका समर्थन मिल सके। 15 अप्रैल को मतदान के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें भरपूर समर्थन भी दिया, लेकिन इसका परिणाम जानने के लिए वह जिंदा न रह सके। 18 अप्रैल को ही तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई थी।
वाराणसीः चार प्रधानों की मौत, दोबारा होगा मतदान
वाराणसी में पंचायत चुनाव परिणाम आने के बाद एक प्रधान प्रत्याशी की मौत हो गई। जबकि परिणाम आने के पहले तीन प्रधानों की मौत हो चुकी थी। अब जगहों की सीट रिक्त मानी जाएगी और यहां दोबारा मतदान होगा। पिंडरा ब्लॉक के नंदापुर के ग्राम प्रधान की जीत के बाद मौत हो गई। चिरईगांव ब्लाक के ग्राम पंचायत सिरिस्ती के ग्राम प्रधान पद पर निर्वाचित हुई प्रत्याशी निर्मला की मौत 26 अप्रैल को हो गई थी। शिवदशा में ग्राम प्रधान पद निर्वाचित हुए प्रत्याशी धर्मदेव यादव की भी मतगणना से पूर्व मौत हो गई थी। दोनों गांवों में मृतक प्रत्याशियों के निर्वाचन होने से ग्राम प्रधान पद रिक्त हो गया। अब यहां दोबारा मतदान होगा। वहीं, चोलापुर विकास खंड के चुमकुनी गांव निवासी अनिल कुमार सिंह सिंटू की पत्नी वीणा सिंह छित्तमपुर गांव से ग्राम प्रधान निर्वाचित हुईं। बीमारी के चलते 29 मई को वीणा सिंह की मौत हो गई थी।
जौनपुरः मतगणना से पहले ही जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी का निधन
निगोह बरसठी के वार्ड संख्या 51 से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी द्वारिका प्रसाद यादव का रविवार की सुबह निधन हो गया। वह मतगणना स्थल पर जाने के लिए तैयारी कर रहे थे। इस बीच अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। घटना से लोग स्तब्ध हैं। बरसठी के सरावां गांव निवासी द्वारिका प्रसाद ने जिला पंचायत सदस्य पद पर दावेदारी की थी। जोर-शोर से प्रचार के बाद पूरी दमदारी से चुनाव भी लड़ा था। उनका चुनाव निशान छड़ी था। जीत के प्रति आश्वस्त द्वारिका प्रसाद सुबह मतगणना स्थल पर जाने के लिए तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द शुरू हुआ। परिजन कुछ समझ पाते तब तक उनकी सांस थम गई थी।
चंदौलीः कड़ी सुरक्षा की बीच नौ ब्लॉकों में शुरू हुई मतगणना
पीडीडीयू नगर पंचायत चुनाव के मतदान के बाद रविवार को सुबह से ही मतगणना शुरू हो गई है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिले के सभी नौ मतगणना केंद्रों पर सुबह से ही जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और सदस्य पदों की गिनती न्याय पंचायतवार शुरू हुई। दोपहर बाद से परिणामों की घोषणा भी होने लगेगी। हालांकि मतगणना के लिए कार्मिकों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है।
गांव की सरकार के लिए 12 ब्लॉकों में शुरू हुई मतगणना
मिर्जापुर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के अंतर्गत 26 अप्रैल को डाले गए वोटों की गिनती रविवार को शुरू हो गई। मतों की गिनती शुरू होने से पूर्व ही 12 ब्लॉकों में बने मतगणना स्थल पर जबरदस्त भीड़ देखी गई। वोटों की गिनती शुरू होने के साथ ही प्रत्याशियों की धड़कने भी बढ़ गईं। कुछ घंटे बाद से ही जीत हार के रुझान आने लगेंगे।
मतगणना से पहले ही जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी का निधन
निगोह बरसठी के वार्ड संख्या 51 से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी द्वारिका प्रसाद यादव का रविवार की सुबह निधन हो गया। वह मतगणना स्थल पर जाने के लिए तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक सीने में तेज दर्द के बाद उनकी मौत हो गई। घटना से लोग स्तब्ध हैं। बरसठी के सरावां गांव निवासी द्वारिका प्रसाद ने जिला पंचायत सदस्य पद पर दावेदारी की थी। जोर-शोर से प्रचार के बाद पूरी दमदारी से चुनाव भी लड़ा था। उनका चुनाव निशान छड़ी था। जीत के प्रति आश्वस्त द्वारिका प्रसाद सुबह मतगणना स्थल पर जाने के लिए तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द शुरू हुआ। परिजन कुछ समझ पाते तब तक उनकी सांस थम गई थी।
अतरौलिया में 9.20 बजे तक नहीं शुरू हो सकी मतगणना
आजमगढ़ प्रशासन की ओर से मतगणना की तैयारियां पूरी कर लेने का दावा किया जा रहा था। लेकिन तैयारियां कितनी की गई थी इसका नजारा अतरौलिया के मतगणना केंद्र रामनाथ धनंजय महिला पीजी कालेज जगदीशपुर अतरौलिया में देेखने को मिला। जहां तैयारी पूरी न होने के कारण सुबह 9.20 बजे तक मतगणना शुरू नहीं हो सकी थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना को लेकर समस्त तहसीलों में मतगणना का कार्य शुरू हो गया।
मीरजापुर में धक्का देकर मतगणना केंद्र के अंदर घुसे लोग
मीरजापुर के पॉलिटेक्निक परिसर में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुरक्षाकर्मियों को धक्का देकर मतदान कर्मी और अभिकर्ता मतगणना केंद्र के अंदर घुसे। अभिकर्ता पुलिस को धक्का देकर अंदर घुसे।
गहमागहमी के बीच आठ स्थानों पर मतगणना शुरू
वाराणसी में गहमागहमी के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सभी पदों की मतगणना शुरू हो गई है। 8 ब्लॉकों की गिनती 8 स्थानों पर हो रही है। 2 दिनों तक चलने वाली गिनती के बीच 1 बजे से परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर प्रत्याशी और एजेंटों का एंटीजन टेस्ट कराने के बाद मतगणना स्थल में प्रवेश दिया गया।
सभी पदों के लिए बनाई जा रही हैं मतों की गड्डियां
प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतों की गड्डियां बनाई जा रही हैं। कुछ काउंटर पर गिनती शुरू हो गई जबकि कुछ काउंटर पर अभी कागजातों का मिलान किया जा रहा है। आराजी लाइन के लिए जगतपुर डिग्री कॉलेज और काशी विद्यापीठ के लिए डिवाइन सैनिक स्कूल लहरतारा, सेवापुरी ब्लाक के लिए राजकीय आईटीआई कॉलेज कपसेठी में गिनती हो रही है। बड़ागांव के लिए बलदेव डिग्री कॉलेज, पिंडरा के लिए नारायणी चैलेंजर कान्वेंट स्कूल गंगापुर, हरहुआ के लिए काशी कृषक इंटर कॉलेज, चोलापुर के लिए आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज, चिरईगांव के लिए जयप्रकाश स्नातकोत्तर महाविद्यालय उमरहा में गिनती शुरू हो गई है। पंचायत के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजाराम वर्मा ने बताया कि सभी जगह शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना चल रही है। विजयी प्रत्याशियों के विजय जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगा है।
कोविड प्रोटोकॉल की उड़ रहीं धज्जियां
मतगणना स्थलों के बाहर कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ते देखी जा रही हैं। लोगों की भारी भीड़ मतगणना स्थलों के बाहर मौजूद है। बड़ी संख्या में मतगणना केंद्र के अंदर लोग मौजूद हैं। यहां न सामाजिक दूरी का पालन हो रहा है और किसी अन्य नियम का।