आम आदमी की बात छोड़ दें तो केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह समेत कई दिग्गज भाजपा नेता और कार्यकर्ता पप्पू की दुकान पर पहुंचे। चाय पी और तस्वीरें भी खिंचवाईं।
इस दौरान अस्सी पर रहने वाले और रोजाना चाय के शौकीन लोगों ने पीएम मोदी द्वारा चाय के बाद पान खाने की तारीफ करते हुए कहा कि आ तुझे सुबह ए बनारसी शौक दिखाऊं, पहले कुल्हड़ वाली चाय फिर एक मीठा पान खिलाऊं...। बस यही बनारसीपन तो हर दिल को छू जाता है।
गोपाल चौरसिया के दुकान पर पीएम मोदी
- फोटो : सोशल मीडिया।
पीएम मोदी के मीठे पान की सुर्ख रंगत शनिवार को पान खाने वालों के होठों पर नजर आई। गोपाल चौरसिया के दुकान पर शनिवार को मीठे पान की मांग सबसे अधिक रही। प्रधानमंत्री द्वारा पान खाने के बाद शनिवार को सुबह दुकान खुलने के पहले ही लोग दुकान पर पान खाने का इंतजार कर रहे थे। कुछ लोगों ने दुकान पर ही पान खाया और घर के लिए भी ले गए।
गोपाल ने बताया कि शनिवार सुबह पहुंचा तो कई लोग दुकान के बाहर खड़े थे। पहुंचते ही अभिवादन कर मोदी पान की डिमांड करने लगे। खुशी हुई की पीएम ने पान खाकर रातों रात उनके दुकान को देश भर में मशहूर कर दिया। पीएम के पान खाने के बाद उनके दुकान का भाव चढ़ गया है। गोपाल चौरसिया के छोटे पुत्र पवन ने बताया कि अन्य दिनों में दोपहर में दुकान बंद होती थी लेकिन, शनिवार को ऐसा नहीं हुआ।
गोपाल चौरसिया ने बताया कि शुक्रवार रात प्रधानमंत्री ने उनसे आम आदमी की तरह पान मांगा। उनको देखकर आशीर्वाद लेने के लिए झुकना चाहा तो पीएम ने मना कर दिया। पीएम ने कहा कि मेरा आशीर्वाद आप हैं, आप बैठिए। उन्होंने पीएम को हीरा-मोती, लौंग, गरी, गुलकंद, इलायची, कत्था लगाकर पान खिलाया।