उत्तर प्रदेश चुनाव सातवां चरण
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि किसी भी व्यक्तिगत पहचान पत्र की फोटोकॉपी मान्य नहीं है। केवल ओरिजिनल आइडेंटिटी कार्ड ही मान्य है। मतदाता केवल ओरिजिनल आईडी ही साथ लाएं अन्यथा वोट नहीं डाल पाएंगे। वाराणसी पुलिस आयुक्त ए. सतीश गणेश ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
वाराणसी डीएम ने सीपीएमएफ प्रभारी को हटाया
वाराणसी के विधानसभा कैंटोनमेंट के बूथ संख्या 243 से 246 पर रणवीर संस्कृत विद्यालय कमच्छा पर तैनात सीपीएमएफ प्रभारी चमन लाल ( सब इंस्पेक्टर आइटीबीपी) तत्काल प्रभाव से डीएम ने ड्यूटी से हटा दिया है। कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन किए जाने के कारण यह कार्रवाई हुई। आरोप है कि चमन लाल ने निर्वाचन के दौरान सभी पोलिंग एजेंट की वोटर लिस्ट को फेंकवा दिया। उम्मीदवार को मतदान कक्ष में जाने से रोके दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी के द्वारा नियमों की जानकारी दी गई तो कहा कि मैं 6 चरणों का चुनाव करा कर आया हूं मुझे नियमों की पूरी जानकारी है। मतदान केंद्र पर इनके ड्यूटी करने से वहां की व्यवस्था बिगाड़ी गई।
पढ़ेंः सातवें चरण में काशी के विकास मॉडल की होगी परीक्षा, भगवा खेमे ने खूब की कोशिश
उत्तर प्रदेश चुनाव सातवां चरण: वाराणसी में मतदान
- फोटो : सोशल मीडिया।
यूपी सरकार के राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने अपने परिवार के साथ गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, मलदहिया में वोट डाला। उन्होंने कहा कि सीएम योगी और पीएम मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर आज पूरे प्रदेश में जनता चुनाव लड़ रही है। समाजवादी पार्टी को ओवर कॉन्फिडेंस है। ओवर कॉन्फिडेंस धोखा देता है।
साथ ही उन्होंने कहा कि यहां ड्यूटी पर जो अधिकारी है उसने जानबूझकर बदमाशी की। विशेषज्ञों की टीम ने बताया कि कोई खराबी नहीं है, 40 मिनट से मशीन का मुख्य बटन ऑफ कर रखा था। ये जांच का विषय है। जिलाधिकारी ने कहा है कि चुनाव का समय 40 मिनट बढ़ा दिया जाएगा।
वाराणसी कैंट से भाजपा प्रत्याशी सौरभ श्रीवास्तव ने अपनी माता के साथ पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान किया। वहीं पर्यटन राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी और मंत्री अनिल राजभर ने भी मतदान किया। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने कहा है कि जनता निर्भीक और भयमुक्त होकर लोकतंत्र के पर्व में मतदान कर अपनी भागीदारी अवश्य सुनिश्चित करें. किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
वाराणसी के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 311 पर ईवीएम खराब होने की सूचना पर मौके पर अधिकारी पहुंच गए। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के मोहनसराय समेत कई मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए कतार में लोग खड़े नजर आए। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित मतदान केंद्र में अपनी पत्नी के साथ कुलपति ने मतदान किया।
बूथों पर कतार लगाकर वोट डालने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते लोगों की कतार भी खूब नजर आई। वाराणसी से प्रदेश सरकार के तीन मंत्री समेत कई दिग्गजों की किस्मत इसी चरण में हो रहा है। वाराणसी की आठ विधान सभा सीटों पिंडरा, अजगरा, शिवपुर, रोहनिया, वाराणसी उत्तरी, वाराणसी दक्षिणी, वाराणसी कैंट, सेवापुरी में वोटिंग चल रही है। इन आठ सीटों पर 70 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वाराणसी में कुछ सीटों पर सीधा मुकाबला तो कुछ सीटों पर त्रिकोणीय लड़ाई के आसार बन रहे हैं।
हालांकि मैदान में जुटे प्रत्याशियों को भीतरघात और बागियों के तेवर का भी डर सता रहा है। यही कारण है कि मतदान के दौरान निगरानी प्रबंधन के साथ ही मतदाताओं के मिजाज को अपने पक्ष में बनाने के लिए हर कोई एड़ी-चोटी का जोर लगाने में जुटा रहा। विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में वाराणसी की आठ सीटों पर सभी की नजर है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि इसमें पांच सीटें पीएम नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में आती हैं। इस बार यहां तीन सीटों पर प्रदेश सरकार के तीन मंत्री मैदान में हैं।