प्रियंका गांधी रैली के जरिए चुनावी शंखनाद करेंगी
- फोटो : अमर उजाला
जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित कांग्रेस की किसान न्याय रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी किसानों का मुद्दा उठाएंगी। लखीमपुर खीरी की घटना में पीड़ितों को न्याय की आवाज बुलंद करेंगी। रैली में पूर्वांचल समेत आसपास के जिलों से किसान और मजदूर हिस्सा लेंगे।
रैली में प्रियंका लखीमपुरी खीरी कांड के आरोपियों पर कार्रवाई, गृह राज्य मंत्री की बर्खास्तगी और नये कृषि कानूनों की वापसी का मुद्दा उठाएंगी। रैली के बहाने किसान आंदोलन को पश्चिम से पूरब की तरफ मोड़ने की रणनीति बनाई गई है। साथ ही बनारस से किसान न्याय यात्रा आरंभ होगी जो प्रदेश भर में जाएगी। बंगाल में खराब प्रदर्शन के बाद यूपी में कांग्रेस ने पूरी ताकत के साथ जनता का विकल्प बनने का निर्णय लिया है।
प्रियंका गांधी की जगतपुर पीजी कॉलेज में आयोजित होने वाली जनसभा और संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा के कारण रोहनिया-मोहनसराय मार्ग पर भारी भीड़ होने की संभावना को देखते हुए रोहनिया-मोहनसराय जाने वाले मार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने लोगों से अपील की है कि कल केवल विशेष वाहनों को आने जाने की अनुमति होगी। इस दौरान रोहनिया से मोहनसराय रास्ते पर जाने से बचें, जिससे उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। जिसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है।
रोहनया से मोहनसराय जाने वाले मार्गों पर डायवर्जन के अनुसार वाराणसी से प्रयागराज जाने वाले वाहनों को चांदपुर चौराहे से लोहता, जंसा होते हुए राजातालाब हाइवे की ओर जाना होगा। वहीं प्रयागराज से वाराणसी आने के लिए राजातालाब, जंसा और लोहता होते हुए चाँदपुर चौराहा की ओर से जाना होगा।