UP College Varanasi: उदय प्रताप कॉलेज में यूजी और पीजी को मिलाकर कुल 10 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। शनिवार को यूजी, पीजी और डिप्लोमा कोर्स में दाखिले की आधिकारिक समय सीमा समाप्त हो गई है। वहीं 15 जून तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। वहीं जिन आवेदकों ने अब तक शुल्क नहीं जमा किया है उन्हें भी विलंब शुल्क देना होगा। अब तक 8400 अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा है जबकि 6900 आवेदकों ने आवेदन शुल्क जमा किया है।
विश्वविद्यालय बनने की प्रक्रिया के बीच यूपी कॉलेज में नया सत्र एक अगस्त से शुरू हो जाएगा। पहली बार पीएचडी कोर्स वर्क और स्नातक, परास्नातक की कक्षाएं एक साथ चलेंगी।
यूजी और पीजी के लिए प्रवेश परीक्षा एक जुलाई से लेकर पांच जुलाई तक कराई जाएगी। वहीं 12 जुलाई को प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। वहीं 16 जुलाई से लेकर 31 जुलाई के बीच में काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी। इसी बीच जुलाई में ही स्पोर्ट्स कोटा के तहत अभ्यर्थियों का ट्रायल लिया जाएगा। वहीं एक अगस्त से नया सत्र शुरू हो सकता है।
6900 आवेदकों ने ही जमा की फीस : प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अब विलंब शुल्क के तहत आवेदकों को 100 रुपये ज्यादा देने होंगे। सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 850 रुपये की बजाय 950 रुपये चुकाने होंगे। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों को 750 से ज्यादा 850 रुपये का भुगतान करना होगा। डिप्लोमा पाठ्यक्रम में 300 के बजाय 400 देकर फॉर्म भरना होगा।