उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मंगलवार को सड़क हादसे में एक छात्र की जान चली गई। वहीं छात्रा गंभीर रुप से घायल है। दोनों यूपी बोर्ड के हाईस्कूल की परीक्षा देने सिकंदरपुर आए थे।
जिले के मनियर थाना क्षेत्र के बहदुरा गांव निवासी रोहित कुमार(16) और नीलम यादव(16) परीक्षा देने के लिए सिकंदरपुर आए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद वे बाइक से अपने घर बहादुरा के लिए निकले थे। रास्ते में जैसे ही वह मैनापुर मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित हो कर बिजली के खंभे से टकरा गई।
जिसमें बाइक पर सवार छात्र और छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने रोहित को मृत घोषित कर दिया, वहीं नीलम की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।