वाराणसी जिले की आठों विधानसभा क्षेत्र में 30 लाख 80 हजार 840 मतदाता सोमवार को 70 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। वाराणसी में कुल 1248 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदान के लिए 252 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, इनके साथ सेक्टर पुलिस भी होगी। 28 जोनल मजिस्ट्रेट के साथ जोनल पुलिस अधिकारी होंगे। आठ सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, आठ निर्वाचन अधिकारी, तीन-तीन उप निर्वाचन अधिकारी तैनात किए जाएंगे।
वाराणसी में मतदान प्रतिशत बढाने के लिए पिछले एक माह से अभियान चलाया जा रहा है। विधानसभा चुनाव में इस बार 70 फीसद मतदान का लक्ष्य रखा गया है लेकिन यूपी के छह चरणों के चुनाव में मतदान प्रतिशत कम होने के प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।